बड़सर (हमीरपुर)। राजकीय महाविद्यालय बड़सर में एनएसयूआई बड़सर इकाई ने मंगलवार को विद्यार्थियों की मांगों को लेकर महाविद्यालय प्रशासन के खिलाफ धरना प्रदर्शन किया। एनएसयूआई इकाई अध्यक्ष रुद्राक्ष सिंह ने कहा कि महाविद्यालय में शौचालयों की स्थिति खराब है। इसके अतिरिक्त वॉटर कूलर, कक्षाओं में पंखें खराब हैं और महाविद्यालय में प्रवक्ताओं की कमी है।
अन्य कई समस्याओं का सामना विद्यार्थियों को करना पड़ता है। रुद्राक्ष ने प्रशासन पर आरोप लगाते हुए कहा कि कुछ प्रवक्ता विद्यार्थियों को धमकाते भी हैं। उन्होंने बताया कि विभिन्न मांगों को कई बार काॅलेज प्रशासन के पास उठाया गया है लेकिन समस्याओं का समाधान नहीं हो पाया है। इकाई ने महाविद्यालय प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि इसके बाद भी अगर मांगें नहीं मानी गईं तो उन्हें हड़ताल का सहारा लेना पड़ेगा। इस अवसर पर एनएसयूआई के कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।