फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

नप हमीरपुर ने किया नौ दुकानदारों का सामान जब्त

विज्ञापन
नप हमीरपुर के अधिकारी कन्या विद्यालय के सामने अतिक्रमण हटाते हुए। - फोटो : Hamirpur-HP
विज्ञापन
हमीरपुर। नगर परिषद हमीरपुर ने वीरवार को अतिक्रमणकारियों पर कार्रवाई करते हुए बाजार में नौ दुकानदारों का सामान जब्त किया। नगर परिषद की ओर से एक दिन पूर्व बाजार का औचक निरीक्षण करके सभी दुकानदारों को अतिक्रमण हटाने की हिदायत दी गई थी। लेकिन, दुकानदारों ने मनमानी के चलते सड़क से अतिक्रमण नहीं हटाया। इस पर वीरवार को नगर परिषद के अधिकारियों ने कार्रवाई करते हुए इन दुकानदारों का सामान जब्त किया।
विज्ञापन

नगर परिषद हमीरपुर ने सभी दुकानदारों को सड़क पर बनी सफेद पट्टिका से पीछे सामान रखने के आदेश दिए हैं। दुकानदार इन आदेशों की उल्लंघना करते हुए सामान इस सफेद पट्टिका के आगे सजा देते हैं। इससे राहगीरों व वाहन चालकों को दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। ऐसे में लगातार मिल रही शिकायतों के आधार पर नगर परिषद ने कार्रवाई की और नौ दुकानदारों का सामान जब्त किया। नगर परिषद के ईओ अक्षित गुप्ता ने कहा कि नौ दुकानदारों का सामान जब्त किया गया है। उन्होंने कहा कि सभी दुकानदार सफेद पट्टिका से पीछे सामान लगाएं अन्यथा कार्रवाई की जाएगी।
नगर परिषद की टीम के जाते ही फिर सजा दी सड़क पर दुकानें
नगर परिषद हमीरपुर की टीम ने जैसे ही हमीरपुर के गांधी चौक से लेकर भोटा चौक तक अतिक्रमण हटाओ मुहिम शुरू की तो यह सूचना आग की तरह पूरे शहर में फैल गई। जैसे ही नप की टीम कार्रवाई के लिए पहुंची तो अधिकतर दुकानदारों ने सड़क किनारे से अपना सामान समेट लिया। लेकिन, नप की टीम के मौके से जाते ही सभी दुकानदारों ने फिर से सड़क किनारे दुकानें सजा दीं। इससे सड़क से गुजरने वाले वाहन चालकों और खासकर राहगीरों को परेशानी होती है। कई लोग अपने छोटे-छोटे बच्चों के साथ बाजार से गुजरते हैं, ऐसे में हर समय हादसों का डर सताता रहता है। वहीं, बुजुर्गों को भी चलने-फिरने में दिक्कतें पेश आती हैं। शहरवासियों सुरेश शर्मा, प्रदीप सिंह, सुरेंद्र पठानिया और विवेक शर्मा ने जिला प्रशासन से अतिक्रमण के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
विज्ञापन

दुकान के आगे रेहड़ी-फड़ी लगाने के वसूलते हैं 300 से 400 रुपये प्रतिदिन
हमीरपुर शहर में अधिकतर अतिक्रमण दुकानों के आगे है। यहां शहर में अधिकतर दुकानदार अपनी दुकान के आगे सीढ़ियों और निकासी नालियों पर रेहड़ी-फड़ी लगाने के लिए प्रवासी लोगों से 300 से 400 रुपये प्रतिदिन के हिसाब से वसूलते हैं। नगर परिषद की टीम जब भी कार्रवाई के लिए आती है तो यह सब्जी व फल विक्रेता संबंधित दुकानों के भीतर सामान लेकर घुसकर छुप जाते हैं। ऐसे में लोगों ने मांग की है कि दुकानों के आगे सीढ़ियों या निकासी नालियों पर रेहड़ी-फड़ी लगाने की इजाजत देने वाले दुकानदारों के भी चालान काटे जाएं, ताकि इस समस्या का स्थायी समाधान निकल सके।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें