हमीरपुर बाजार में अतिक्रमण हटाते नगर परिषद के कर्मचारी।
- फोटो : Hamirpur-HP
हमीरपुर। नगर परिषद हमीरपुर ने वीरवार को अतिक्रमणकारियों पर कार्रवाई करते हुए बाजार में 11 दुकानदारों का सामान जब्त किया। नगर परिषद की ओर से दो दिन पूर्व बाजार का औचक निरीक्षण करके सभी दुकानदारों को अतिक्रमण हटाने की हिदायत दी गई थी। लेकिन, दुकानदारों ने मनमानी के चलते सड़क से अतिक्रमण नहीं हटाया। वीरवार को नगर परिषद के अधिकारियों ने कार्रवाई करते हुए इन दुकानदारों का सामान जब्त किया।
नगर परिषद हमीरपुर ने सभी दुकानदारों को सड़क पर बनी सफेद पट्टिका से पीछे सामान रखने के आदेश दिए हैं। लेकिन, दुकानदार इन आदेशों की उल्लंघना करते हुए सामान इस सफेद पट्टिका के आगे सजा देते हैं। इससे राहगीरों और वाहन चालकों को दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।
ऐसे में लगातार मिल रही शिकायतों के आधार पर नप ने कार्रवाई की और 11 दुकानदारों का सामान जब्त किया। नगर परिषद के ईओ अक्षित गुप्ता ने कहा कि 11 दुकानदारों का समान जब्त किया गया है और उन्हें हिदायत देकर उनका सामान वापस कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि सभी दुकानदार सफेद पट्टिका से पीछे सामान लगाएं अन्यथा कार्रवाई की जाएगी।