नगर परिषद के कर्मचारी अतिक्रमण हटाते हुए।
- फोटो : Hamirpur-HP
हमीरपुर। नगर परिषद हमीरपुर ने बुधवार को स्थानीय बाजार हमीरपुर का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान बाजार में दुकानदारों एवं रेहड़ी धारकों को सड़क, नालियों पर किए गए अवैध अतिक्रमण को हटाने की हिदायत दी गई। नगर परिषद हमीरपुर के कार्यकारी अधिकारी अक्षित गुप्ता ने कहा कि निरीक्षण के दौरान राजकीय कन्या पाठशाला हमीरपुर के सामने दुकानदारों को विशेष रूप से अतिक्रमण हटाने के लिए कहा गया। दुकानदारों को अतिक्रमण हटाने के लिए एक दिन का समय दिया गया है। यदि अतिक्रमण नहीं हटाया जाता है तो दुकानदारों का सामान जब्त करने चालान किया जाएगा।
वर्तमान में शहरभर में दुकानदारों व रेहड़ी धारकों ने दुकानों के बाहर सड़क पर सामान सजाया हुआ है। इससे राहगीरों, वाहन चालकों को आवाजाही में परेशानी झेलनी पड़ रही है। वहीं, चुनाव में अधिकारियों की व्यस्तता के चलते खोखा धारक रेहड़ियों की छत्तों को पक्का करने में लगे हुए थे। उन्होंने कहा कि शहर में अतिक्रमण करने वाले दुकानदारों एवं रेहड़ी धारकों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। औचक निरीक्षण के दौरान नगर परिषद से राजेंद्र कुमार, कुलदीप कुमार सहित अन्य सफाई कर्मचारी मौजूद रहे।