विद्यार्थियों के नवाचार की संभावनाओं का लगेंगे पंख
बहुतकनीकी संस्थान हमीरपुर ने पांच स्कूलों को लिया गोद
नवीन ठाकुर
हमीरपुर। स्कूली विद्यार्थियों के नवाचार की संभावनाओं को पंख लगेंगे। इंस्टीट्यूशन इनोवेशन काउंसिल (आईआईसी) के प्रोजेक्ट के तहत विद्यार्थियों की नई तकनीक से संबंधित संभावनाओं को तराशा जाएगा। राजकीय बहुतकनीकी संस्थान हमीरपुर ने प्रोजेक्ट के तहत पांच पीएम श्री स्कूलों को गोद लिया है। इसकी स्वीकृति भारत सरकार का शिक्षा विभाग देगा, जिसकी स्वीकृति मिलना बाकी है। ऐसे में अब यह संस्थान स्कूलों में नवाचार की संभावनाओं को परखेंगे और इन्हें विकसित करने में सहयोग करेंगे।
इंस्टीट्यूशन इनोवेशन काउंसिल के तहत पीएम श्री स्कूलों को जोड़ा जा रहा है। उनमें नवाचार और शिक्षा के नए तरीकों को बढ़ावा दिया जा सके। खासकर एआई और कोडिंग जैसे कौशल विकसित किए जा सकें। राजकीय बहुतकनीकी संस्थान हमीरपुर ने प्रोजेक्ट के तहत राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक बाल हमीरपुर पाठशाला, केंद्रीय विद्यालय हमीरपुर, लंबलू, भोटा और चबूतरा खास स्कूलों को शामिल किया है। इन स्कूलों के विद्यार्थियों को तकनीक से संबंधित कोई समस्या आती है तो उसका हल प्रोजेक्ट के तहत होगा। नवाचार पर बनने वाले प्रोजेक्ट पर फंड का प्रावधान है। इन स्कूलों के विद्यार्थियों को विषयवाद विशेषज्ञ तकनीकी की विधाएं बताएंगे। आईआईसी स्कूलों में एक मजबूत नवाचार संस्कृति को व्यवस्थित रूप से बढ़ावा देता है।
कोट
-इंस्टीट्यूशन इनोवेशन काउंसिल (आईआईसी) के प्रोजेक्ट में विद्यार्थियों की तकनीक से संबंधित समस्याओं का निवारण किया जाएगा। पांच पीएम श्री स्कूलों को इसमें शामिल किया गया है। यदि कोई नवाचार पर प्रोजेक्ट तैयार होता है तो उस पर फंड का प्रावधान है। प्रोजेक्ट को स्वीकृति के लिए भेजा गया है।-चंद्रशेखर, प्राचार्य, राजकीय बहुतकनीकी संस्थान