हमीरपुर। शैक्षणिक सत्र 2025-26 में जिलाभर के सरकारी स्कूलों में स्थापित सभी पुस्तकालयों का निरीक्षण होगा। पुस्तकालयों का निरीक्षण करने के लिए जिला स्तर पर कमेटी का गठन किया जाएगा।
जिला स्तरीय कमेटी स्कूलों में पुस्तकालयों में बैठने की स्थिति, किताबों की संख्या, आधुनिक उपकरणों की मांग और सुविधाओं का जायजा लेगी, ताकि सरकारी स्कूलों में विद्यार्थियों और युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने में दिक्कत का सामना न करना पड़े।
पुस्तकालयों को सार्वजनिक करने के लिए उच्च शिक्षा विभाग हमीरपुर की ओर से पुस्तकालयों का निरीक्षण करने का निर्णय लिया गया है, ताकि नए शैक्षणिक सत्र में पुस्तकालयों में पाई जाने वाली खामियों को पूरा किया जा सके। जिला स्तरीय कमेटी की अध्यक्षता उच्च शिक्षा उपनिदेशक करेंगे।
पांच सदस्यों की टीम स्कूलों में पुस्तकालयों की रिपोर्ट तैयार करके निदेशालय को प्रेषित करेगी, ताकि पुस्तकालयों के संबंध में आगामी कार्रवाई की जा सके। वर्तमान में जिलाभर के 702 स्कूलों में पुस्तकालय संचालित हैं। शिक्षा निदेशालय की ओर से सभी पुस्तकालयों को सार्वजनिक करने के आदेश जारी हुए हैं, लेकिन कुछ स्कूलों में जगह की कमी के चलते उन्हें सार्वजनिक करने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
ऐसे में युवाओं की सुविधा के लिए विभाग की ओर से टीम का गठन करने का निर्णय लिया गया है, ताकि पुस्तकालयों की मौजूदा स्थिति का पता लगाया जा सके और युवाओं को सही तौर पर पुस्तकालयों का लाभ मिल सके।
पुस्तकालय के सार्वजनिक होने के बाद सुबह 10:00 से शाम 7:00 बजे तक युवा प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर सकेंगे। संवाद