जाहू (हमीरपुर)। गर्मियों में पेयजल संकट से जूझने वाले लदरौर-पट्टा क्षेत्र के लोगों को अब राहत मिलने की उम्मीद जगी है। क्षेत्र की 14 ग्राम पंचायतों की करीब 40 हजार आबादी को पर्याप्त पेयजल उपलब्ध करवाने के लिए 113 करोड़ रुपये की लागत से नई पेयजल योजना का निर्माण किया जाएगा।
योजना के तहत गोबिंदसागर झील से पानी उठाकर विभिन्न भंडारण टैंकों के माध्यम से गांवों तक पहुंचाया जाएगा। जल शक्ति विभाग ने योजना के निर्माण के लिए प्रस्तावित साइट का निरीक्षण कर लिया है और ठेकेदार को काम शुरू करने के निर्देश भी जारी कर दिए हैं।
योजना का मुख्य पंप हाउस और कुआं लठियाणी के कोसरियां पुटपांगड़ में गोबिंदसागर झील के किनारे बनाया जाएगा। यहां से पानी लिफ्ट कर उखली में बनने वाले भंडारण टैंक तक पहुंचाया जाएगा। इसके बाद मोटरों के माध्यम से पानी द्रोण टैंक तक उठाया जाएगा।
यहां से पहले से निर्मित भंडारण टैंकों के जरिए क्षेत्र की पंचायतों में पेयजल आपूर्ति की जाएगी। इस योजना से नंधन, करहा, पट्टा, खरबाड़, झरलोग, दसमल, भौंखर, कडोहता, भकेड़ा, मुंडखर, जाहू सहित अन्य पंचायतों को लाभ मिलेगा।
गर्मियों में क्षेत्र में पेयजल संकट गहरा जाता है। ऐसे में योजना के पूरा होने से लोगों को पर्याप्त मात्रा में पानी उपलब्ध करवाने में मदद मिलेगी। योजना के निर्माण के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी कर ली गई है और कार्य ठेकेदार को आवंटित कर दिया गया है।
प्रदेश सरकार की ओर से निर्माण कार्य शुरू करने के लिए 18.22 लाख रुपये की पहली किस्त भी जारी की जा चुकी है। वहीं, बिजली की व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए बिजली विभाग के अधिकारी भी प्रस्तावित साइट का निरीक्षण कर चुके हैं।
कोट
पट्टा-लदरौर क्षेत्र के लिए प्रस्तावित नई पेयजल योजना का निर्माण लठियाणी के पास कोसरियां पुटपांगड़ में शुरू होने वाला है। गोबिंदसागर झील में पर्याप्त मात्रा में पानी उपलब्ध होने के कारण यहां पंप हाउस और कुएं का निर्माण प्रस्तावित है।
-राजेंद्र सिंह पठानिया, अधिशासी अभियंता, जल शक्ति विभाग मंडल भोरंज