हमीरपुर। हिमाचल पथ परिवहन निगम का हमीरपुर डिपो प्रथम नवरात्र से दिन के समय में यात्रियों की सुविधा के लिए बिलासपुर जिले के फोरलेन से होते हुए चंडीगढ़ और दिल्ली के लिए 4 नई बसें चलाने जा रहा है। इन चार नए बस रूटों की समयसारिणी पथ परिवहन निगम के डिपो हमीरपुर ने जारी कर दी है। इससे पहले दो रात्रि बसें फोरलेन बिलासपुर से होते हुए दिल्ली के लिए चलाई गईं हैं। इन बस रूटों पर निगम के डिपो हमीरपुर को अच्छा मुनाफा हो रहा है। वहीं, यात्रियों को भी कम समय और कम किराये का लाभ मिल रहा है।
एचआरटीसी डिपो हमीरपुर को लगातार वाया बिलासपुर के भगेड़ होते हुए चंडीगढ़ और दिल्ली के लिए बसों को चलाने की मांग आ रही थी। लोगों की मांग को ध्यान में रखते हुए एचआरटीसी डिपो हमीरपुर प्रबंधन ने यह निर्णय लिया है। इन 4 बस रूटों में से दो एसी और दो नॉन एसी बसें शामिल हैं। इनके रूट वाया ऊना से होते हुए दिल्ली और चंडीगढ़ के हैं। 15 अक्तूबर यानी पहले नवरात्र से यह रूट बिलासपुर फोरलेन से होकर चलेंगे। इससे यात्रियों को जहां कम किराया देकर बेहतर सफर मिलेगा, वहीं एचआरटीसी डिपो को भी पूरी सीटें बुक होने का लाभ होगा। त्योहारी सीजन से पहले एचआरटीसी हमीरपुर डिपो प्रबंधन को कम सवारियों के कारण बसें ऊना तक ही चलानी पड़ रही थीं लेकिन, त्योहारी सीजन शुरू हो जाने से बसों में यात्रियों की संख्या में इजाफा हो रहा है। एचआरटीसी हमीरपुर की सुबह 8 बजे पटलांदर से चंडीगढ़ के लिए बस चलेगी, जबकि चंडीगढ़ से दोपहर 1:58 बजे इस बस की रवानगी हमीरपुर के लिए होगी। दूसरा बस रूट सुबह 4:45 बजे हमीरपुर से चंडीगढ़ के लिए चलेगा जो एयर कंडीशनर रहेगा। इसकी वापसी चंडीगढ़ से दोपहर 12:05 बजे होगी। इसके अलावा तीसरा रूट सुबह 5:55 बजे हमीरपुर से चंडीगढ़ के लिए चलेगा और इसकी वापसी चंडीगढ़ से दोपहर तीन बजे होगी। यह बस रूट भी एसी वाला होगा। चौथा रूट शाम को 7:40 बजे कक्कड़ से फरीदाबाद के लिए चलेगा। इसकी वापसी फरीदाबाद से शाम चार बजे और दिल्ली से शाम 6:25 बजे रहेगी।
फोरलेन से इस तरह रहेगा बसों का किराया
बस रूट नया किराया वाया भगेड़ वाया ऊना एसी-नॉनएसी
1. हमीरपुर-चंडीगढ़ 344 रुपये 382 रुपये एसी
2.पटलांदर-चंडीगढ़ 376 रुपये 415 रुपये नॉन एसी
3. हमीरपुर-चंडीगढ़ 344 रुपये 382 रुपये एसी
4. कक्कड़-फरीदाबाद 763 रुपये 725 रुपये नॉन एसी
बयान-
पथ परिवहन निगम हमीरपुर डिपो के उपमंडलीय प्रबंधक विवेक लखनपाल ने बताया कि एचआरटीसी डिपो हमीरपुर वाया बिलासपुर भगेड़ फोरलेन से होते हुए दिन के समय चंडीगढ़ व दिल्ली के लिए चार नए रूट चलाने जा रहा है। इससे पहले वाया ऊना चलते थे। यात्रियों की मांग को ध्यान में रखते हुए प्रबंधन ने यह निर्णय लिया है। पहले नवरात्र से वाया बिलासपुर यह सारे रूट चल पड़ेंगे।