संवाद न्यूज एजेंसी
हमीरपुर। जिला परिषद हमीरपुर के 19 वार्डों, छह पंचायत समितियों के कुल 119 वार्डों और 242 ग्राम पंचायतों के प्रधान, उपप्रधान और वार्ड सदस्यों सहित कुल 1860 पदों हेतु तीन चरणों में होने वाले चुनाव के लिए अब 4849 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं।
उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) गंधर्वा राठौड़ ने बताया कि जिले की सभी पंचायतीराज संस्थाओं के लिए कुल 5369 नामांकन पत्र दाखिल किए गए थे।
इनमें से 36 नामांकन पत्र रद्द हो गए हैं। वहीं, 484 उम्मीदवारों ने अपने नामांकन पत्र वापस ले लिए हैं। शुक्रवार को नामांकन पत्र वापस लेने की अंतिम तिथि के बाद कुल 4849 उम्मीदवार मैदान में रह गए हैं। इन्हें चुनाव चिह्न भी आवंटित कर दिए गए हैं।
उन्होंने बताया कि जिला परिषद के 19 वार्डों के लिए अब 59 उम्मीदवार मैदान में हैं। जिले के छह विकास खंडों की बीडीसी के 119 वार्डों के लिए कुल उम्मीदवारों की संख्या 448 है। 242 ग्राम पंचायतों में प्रधान पद के उम्मीदवारों की संख्या 948, उपप्रधान की 992 और पंचायत सदस्यों के उम्मीदवारों की संख्या 2402 रह गई है।
जिले में कुल मतदाताओं की संख्या 3,63,699 है। इनमें 1,83,851 महिलाएं और 1,79,846 पुरुष हैं। थर्ड जेंडर के दो लोगों के नाम भी मतदाता सूचियों में दर्ज हैं।