टाउन हॉल हमीरपुर के अंदर बैडमिंटन खेलते लोग। संवाद
हमीरपुर। नगर निगम हमीरपुर के टाउन हॉल में अब सामाजिक कार्यक्रम आयोजित करने के लिए 21 हजार रुपये चुकाने होंगे। नगर निगम ने कार्यक्रम आयोजन को लेकर हॉल की बुकिंग फीस पांच हजार रुपये तक बढ़ा दी है। ऐसे में कार्यक्रम आयोजन के लिए अधिक बुकिंग फीस चुकानी होगी। कुछ माह पूर्व ही नगर परिषद के दौर में टाऊन हॉल की मरम्मत की गई थी। यहां पर जर्जर हो चुके मंच का सौंदर्यीकरण किया था। इसके अलावा फ्लोर मैटिंग की गई है। बिजली और पंखों की व्यवस्था को दुरुस्त किया गया है और बैठने के लिए अतिरिक्त बेंच भी लगाए गए हैं।
हॉल बुकिंग के लिए लोगों को ऑनलाइन माध्यम से सिटी सेवा पोर्टल पर एक सप्ताह पूर्व आवेदन करना होगा। ऑनलाइन आवेदन स्वीकार होने के बाद फीस का भुगतान होगा। जिसके उपरांत कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। पूर्व में नगर निगम की ओर से ऑफलाइन माध्यम से हॉल में कार्यक्रम आयोजन की बुकिंग पर्ची काटी जाती थी। जिसके लिए फीस 16 हजार रुपये निर्धारित की गई थी लेकिन अब निगम का दर्जा मिलने के बाद बुकिंग फीस बढ़ाकर 21 हजार रुपये कर दी गई है।
ऑनलाइन सिटी सेवा पोर्टल के माध्यम से लोग किसी भी जगह से एक क्लिक पर ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। शहरवासियों मनोज कतना, प्रदीप, सुरेश रांगड़ा, प्रदीप राणा, प्रवीण पठानिया, सुदेश आदि ने कहा कि नगर परिषद के कार्यकाल के दौरान टाउन हॉल में कार्यक्रम आयोजन की फीस सामान्य रखी गई थी ताकि गरीब वर्ग के लोगों को कार्यक्रम आयोजन में दिक्कत न झेलनी पड़े। अब नगर निगम का दर्जा मिलने के बाद बुकिंग फीस में एक साथ पांच हजार रुपये की बढ़ोतरी शहरवासियों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है। शहर में जगह तंग होने से अधिकांश समय लोग कार्यक्रमों का आयोजन टाउन हॉल में करवाते हैं।
शहरी विकास विभाग की गाइडलाइन के अनुसार ही बुकिंग फीस में बढ़ोतरी की गई है। शहरवासी ऑनलाइन माध्यम से सिटी सेवा सेवा पोर्टल पर टाउन हॉल की बुकिंग करवा सकेंगे।
-राहुल चौहान, आयुक्त, नगर निगम हमीरपुर