हमीरपुर। लिमिट से अधिक दालों का स्टॉक रखने वाले कारोबारियों को उपायुक्त रोहन चंद ठाकुर ने कारण बताओ नोटिस जारी किया है। सात दिन के भीतर संबंधित दुकानदारों से नोटिस का जवाब मांगा गया है। निर्धारित अवधि में जवाब न देने वाले कारोबारियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
खाद्य आपूर्ति विभाग ने फेस्टिवल सीजन के दौरान जिलाभर की दुकानों का औचक निरीक्षण किया था। इस दौरान करीब आधा दर्जन दुकानदारों के पास आवश्यकता से अधिक स्टॉक पकड़ा गया था। इनमें तीन तरक्वाड़ी और एक हमीरपुर का कारोबारी शामिल है। चारों कारोबारियों के पास मूंगी, कुलथ और धूली मूंगी की 21.05 क्विंटल दालें पकड़ी गई थीं। इन दालों को विभाग ने अपने कब्जे में ले लिया है। जल्द ही विभाग जब्त की गई दालों की नीलामी करेगा। फिलवक्त उपायुक्त हमीरपुर ने चारों कारोबारियों को नोटिस भेज एक सप्ताह के भीतर जवाब मांगा है।
थोक व्यापारियों के लिए दालें स्टॉक करने की लिमिट एक सौ क्विंटल है। रिटेलर की लिमिट 20 क्विंटल की है। इसके लिए बाकायदा कारोबारियों का लाइसेंस बना होता है। निर्धारित स्टॉक से अधिक दालों को विभाग द्वारा औचक निरीक्षण के दौरान जब्त किया जाता है। इनकी बाद में विभाग नीलामी की जाती है।
उपायुक्त की ओर से चार कारोबारियों को स्टॉक से अधिक दालें रखने पर कारण बताओ नोटिस भेजा गया है। एक सप्ताह में नोटिस का जवाब न देने पर कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
-जेसी वर्मा, खाद्य आपूर्ति नियंत्रक हमीरपुर।