हमीरपुर। बड़सर के विधायक इंद्रदत्त लखनपाल ने कहा है कि ठेकेदारों को समय पर भुगतान न होना प्रदेश सरकार की प्रशासनिक अक्षमता, वित्तीय कुप्रबंधन और वादाखिलाफी का उदाहरण है। 31 मार्च को भी प्रदेश के सैकड़ों ठेकेदार बैंक और कोषागार के चक्कर काटते रहे। लेकिन उन्हें एक रुपये का भी भुगतान नहीं हुआ। सरकार के इस रवैये ने प्रदेशभर के ठेकेदारों को गंभीर आर्थिक संकट के मुहाने पर ला दिया है। ठेकेदारों ने अपनी पूंजी, मशीनरी, संसाधनों और श्रमिकों के माध्यम से समय पर विकास कार्यों को पूरा किया लेकिन कमाई के लिए भी भटकना पड़ रहा है। उन्होंने मांग की कि सभी ठेकेदारों के लंबित भुगतान तुरंत प्रभाव से जारी किए जाएं।