संवाद न्यूज एजेंसी
हमीरपुर। आईटीआई प्रशिक्षित पंप ऑपरेटर संघ के जिला उपाध्यक्ष प्रकाश बंसल ने ऊना के एक विधायक की ओर से पंप ऑपरेटर वर्ग के खिलाफ की गई टिप्पणी की निंदा की है। उन्होंने बताया कि यह बयान कर्मचारी विरोधी और अपमानजनक है। पंप ऑपरेटर विभाग की रीढ़ हैं। इनके कठिन परिश्रम से आम जनता ही नहीं बल्कि जनप्रतिनिधियों के घरों तक पानी की आपूर्ति सुनिश्चित होती है।
उन्होंने बताया कि आईटीआई, डिप्लोमा और बीटेक जैसी योग्यता रखने के बावजूद पंप ऑपरेटर 30 से 35 वर्षों तक एक ही पद पर कार्य करते हुए सेवानिवृत्त हो जाते हैं। वर्ष 2012 से चली आ रही वेतन विसंगति के बावजूद यह वर्ग कार्य कर रहा है। यदि विधायक ने शब्द वापस नहीं लिए और सार्वजनिक रूप से माफी नहीं मांगी तो प्रदेशभर के पंप ऑपरेटर सड़क पर उतरकर आंदोलन करेंगे।