हमीरपुर। किसानों को कृषि यंत्रों पर अनुदान देने वाली समाम योजना में इस बार ट्रैक्टर को शामिल नहीं किया गया है। योजना के तहत किसान ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। आवेदन की अंतिम तिथि 30 सितंबर निर्धारित की गई है।
निर्धारित लक्ष्य से अधिक आवेदन आने पर लाभार्थियों का चयन लॉटरी के माध्यम से किया जाएगा। समाम योजना केंद्र सरकार की महत्वपूर्ण कृषि योजनाओं में शामिल है।
इसके तहत किसानों को खेती में इस्तेमाल होने वाले आधुनिक कृषि यंत्रों की खरीद पर अनुदान दिया जाता है। इस बार ट्रैक्टर के लिए आवेदन नहीं होंगे। योजना में पावर टिलर, पावर वीडर सहित अन्य कृषि यंत्रों को शामिल किया गया है। इसका उद्देश्य छोटे किसानों को आधुनिक कृषि तकनीक उपलब्ध करवाने के साथ खेती में श्रम और समय की बचत करना है।
किसानों को आवेदन के लिए कृषि अभियांत्रिकी उपमिशन के तहत भारत सरकार के डीबीटी पोर्टल एग्रीमशीनरी डॉट एनआईसी डॉट इन पर ऑनलाइन आवेदन करना होगा।
आवेदन के बाद पात्र किसानों का चयन निर्धारित प्रक्रिया के तहत किया जाएगा। किसी यंत्र के लिए उपलब्ध लक्ष्य से अधिक आवेदन प्राप्त होने पर लॉटरी से लाभार्थी चुने जाएंगे। कृषि विभाग के अनुसार किसानों को निर्धारित अवधि के भीतर ही आवेदन करना होगा।
कोट
केंद्र सरकार की समाम योजना के किसान 30 सितंबर तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। योजना में अनुदान पर किसानों को कृषि यंत्र दिए जाते हैं।
-डीडी शर्मा, उपनिदेशक, कृषि विभाग हमीरपुर