सुजानपुर (हमीरपुर)। नगर परिषद सुजानपुर के तहत बस अड्डा के नजदीक बनाए शौचालय में बिजली और पानी न होने के कारण लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। लोगों को शौच जाने से पहले पानी का डिब्बा भरकर हाथ में ले जाना पड़ता है।
वहीं, अंधेरे में लोग शौचालय का प्रयोग करने से कतरा रहे हैं। हैरानी की बात है कि नगर परिषद और बिजली बोर्ड के अधिकारी भी इस बात से अनभिज्ञ हैं कि शौचालय का कनेक्शन कब, कैसे और क्यों कटा है।
बदहाली का आलम यह है कि शौचालय में सफाई व्यवस्था का दम घुट चुका है। ऐसा प्रतीत होता है कि यहां पर झाड़ू लगाए हुए दशक बीत चुकी हैं। लोगों की मानें तो शौचालय से करीब पांच माह पहले बिजली कनेक्शन काट दिया गया है।
नगर परिषद सुजानपुर भले ही शहर के विकास कार्य के कायाकल्प पर लाखों रुपये खर्च कर राजनेताओं के आगे शिलान्यास तथा लोकार्पण कर वाहवाही लूट रहा हो, लेकिन जनता की आवश्यक जरूरत व प्राथमिकता के आधार पर मिलने वाली सुविधाओं को नजरअंदाज किया जा रहा है।
राष्ट्र स्तरीय होली मेला नजदीक आ रहा है और मुसाफिर इस शौचालय का उपयोग करते हैं, लेकिन नगर परिषद की कार्यप्रणाली से लोगों में क्या संदेश जा रहा है, इसका अंदाजा शौचालयों की बदहाली को देखकर सहज ही लगाया जा सकता है।
कोट :
मैंने अभी कार्यभार संभाला है। बस अड्डे के नजदीक शौचालयों की बदहालत का मामला सामने आया है। इसके बारे में जानकारी ली जाएगी और इसे दुरुस्त करवाया जाएगा, ताकि लोगों को दिक्कतों का सामना न करना पड़े।
-हर्षित शर्मा, कार्यकारी अधिकारी, नगर परिषद सुजानपुर
बस अड्डा सुजानपुर के साथ बने शौचालयों के बाहर भरकर रखी गई पानी की टंकी। संवाद