नादौन। थाना क्षेत्र नादौन के अंतर्गत कांगू से करीब 20 दिन पूर्व गायब हुए युवक का सुराग नहीं मिल पाया है। परिजनों ने कहा कि दिनेश पुत्र किशन कुमार निवासी गांव कांगू गत 28 जून सुबह अपनी बाइक लेकर मझीन के लिए निकला था।
वह कांगू में ही वेल्डिंग की दुकान करता है, परंतु जब रात तक वह न तो अपनी दुकान और न ही घर पहुंचा तो परिजन परेशान हो गए। उन्होंने सभी सगे संबंधियों और दोस्तों से संपर्क किया परंतु कोई सुराग नहीं मिला। इसी दौरान दिनेश के जीजा हंसराज अन्य ग्रामीण उसे ढूंढते हुए नादौन की ओर आए तो दिनेश की बाइक शहर के इंद्रपाल चौक पर खड़ी पाई। इसके बाद परिजनों ने इसके लापता होने की रिपोर्ट लिखा दी।
परिजनों ने कहा कि जब दिनेश घर से गया था तो उसने नीले रंग की जींस और चेक शर्ट पहनी थी। उसके घर में माता पत्नी और दो छोटे-छोटे बच्चे हैं। इस संबंध में थाना प्रभारी नीरज राणा ने कहा कि मामला दर्ज करके संबंधित थानों को सूचित कर दिया गया है तथा युवक की तलाश की जा रही है।