एनआईटी हमीरपुर में हिलफेयर में प्रस्तुति देती छात्राएं। संस्थान।
हमीरपुर। एनआईटी हमीरपुर में हिलफेयर-2024 के समारोह में हिमाचल प्रदेश पुलिस आर्केस्टा हॉरमॉनी ऑफ पाइन्स की प्रस्तुतियों की धूम रही। हिलफेयर के अंतिम दिन के सांस्कृतिक कार्यक्रम समारोह के मुख्यअतिथि निदेशक एनआईटी हमीरपुर एचएम सूर्यवंशी और विशिष्ट अतिथि रजिस्ट्रार अर्चना संतोष नानोटी रहे।
डीन छात्र कल्याण डॉ. अशोक कुमार, प्रभारी सांस्कृतिक गतिविधि और क्लब डॉ. राजीव कुमार और एसोसिएट डीन डॉ. प्रदीप सिंह भी समारोह में विशेष रूप से मौजूद रहे। कार्यक्रम की शुरुआत बैटल ऑफ द बैंड्स की प्रस्तुति से हुई। विद्यार्थियों के इस बैंड ने प्रतिभा का बेहतरीन प्रदर्शन किया। इस प्रतियोगिता ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। इसके बाद, मार्शल आर्ट्स अकादमी ने अपने शक्तिशाली प्रदर्शन से दर्शकों को हैरान कर दिया।
समापन समारोह की अंतिम संध्या पर आर्कषण का केंद्र हिमाचल प्रदेश पुलिस का आर्केस्टा हॉरमॉनी ऑफ पाइन्स रहा। आर्केस्ट्रा की प्रस्तुति ने मौजूद लोगों को खासा आर्कषित किया है। इससे पूर्व स्टार नाइट डीजे सत्र ने सभी को थिरकने पर मजबूर कर दिया। प्रवाह नाट्य मंडली ने एक आकर्षक नाटकीय प्रस्तुति दी और टीम द्रविड़ा ने अपनी उच्च ऊर्जा वाली नृत्य प्रस्तुति से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
फैशपी इवेंट के तहत फैशन के जलवे देखने को मिले। इसके बाद, म्यूजिक क्लब ने अपनी शानदार संगीत प्रस्तुतियों से दर्शकों का दिल जीता। रिदमइज ने क्लासिकल डांस की शानदार प्रस्तुति से रात्रि को एक नई दिशा दी। हिलफेयर के दूसरे दिन आयोजित विभिन्न गतिविधयों में आईएएस अधिकारी मुख्य अतिथि विवेक भाटिया और विशिष्ट अतिथि विंग कमांडर कुनाल शर्मा उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दूसरे दिन साक्षरता मिशन टीम ने सामाजिक मुद्दों पर एक प्रेरणादायक प्रस्तुति दी। भांगड़ा क्रू ने पारंपरिक धुनों के साथ दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। प्रवाह क्लब ने मादक पदार्थों के दुरुपयोग पर जागरूकता फैलाते हुए एक प्रभावशाली नाटक प्रस्तुत किया और नाटी नृत्य ने हिमाचल प्रदेश की सांस्कृतिक धरोहर को मनमोहक तरीके से प्रदर्शित किया। इंग्लिश क्लब ने एक हास्य नाटक के साथ दर्शकों को हंसी से लोटपोट कर दिया।