हमीरपुर। जिले में शनिवार को नौ लोग कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। इनमें एक ही परिवार के पांच लोग शामिल हैं। परिवार में एक महिला, उसका पुत्र और बहू तथा दो पौतियां कोरोना पॉजिटिव आए हैं। सभी लोग उपमंडल भोरंज के बेरी भुक्कड़ गांव के रहने वाले हैं। 65 वर्षीय महिला, 42 वर्षीय बेटा, 40 वर्षीय बहू, 16 व 14 वर्षीय पौतियां सभी पांच लोग 27 जून को दिल्ली से हमीरपुर स्थित अपने घर लौटे थे। सभी लोग होम क्वारंटीन थे। शनिवार को पांचों की रिपोर्ट कोविड-19 पॉजिटिव निकली है।
इसके साथ ही उपमंडल बड़सर में चार मामले सामने आए हैं। मैहरे के रहने वाला 65 वर्षीय पुरुष और 58 वर्षीय महिला पति-पत्नी दोनों 27 जून को गाजियाबाद से लौटे थे और यह दोनों भी होम क्वारंटीन थे। इसके साथ ही 28 साल की महिला और 65 वर्षीय पुरुष कोरोना संक्रिमित पाए गए हैं। इन नौ नए मामलों के साथ ही जिला में कोरोना संक्रमितों की कुल संख्या 265 हो गई है। हालांकि, जिले में 175 कोरोना संक्रमित मरीज स्वस्थ भी हुए हैं। जिसके चलते जिले में कोरोना संक्रमितों के सक्रिय मामलों की संख्या 87 रह गई है। दुखद बात यह है कि जिले में तीन कोरोना संक्रमितों की मौत भी हुई है। शनिवार को सामने आए नौ नए कोरोना संक्रमितों को स्वास्थ्य विभाग ने कोविड-19 केयर सेंटर हमीरपुर शिफ्ट कर दिया है। उधर, सीएमओ हमीरपुर डॉ. अर्चना सोनी ने बताया कि शनिवार को कोरोना संक्रमितों के नौ नए मामले सामने आए हैं।