हमीरपुर। केंद्रीय वित्त एवं कारपोरेट मामले राज्य मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा है कि हमीरपुर से मंडी तक राष्ट्रीय उच्च मार्ग-70 के कार्य में तेजी लाने के निर्देश संबंधित जिला के उपायुक्तों को दिए गए हैं। उन्होंने उपायुक्त हमीरपुर तथा उपायुक्त मंडी से बात की है। दोनों जिलों के उपायुक्तों से आग्रह किया है कि हमीरपुर से मंडी तक लगभग 110 किलोमीटर लंबे इस राष्ट्रीय उच्च मार्ग के लिए भू-अधिग्रहण प्रक्रिया में तेजी लाएं। हमीरपुर जिला के अंतर्गत गांव द्रोगण से लेकर अवाहदेवी तक लगभग 21 किलोमीटर भाग इसमें शामिल है और शेष भाग मंडी जिले के अंतर्गत पड़ता है।
अनुराग ठाकुर ने कहा कि भूमि अधिग्रहण प्रक्रिया में आने वाली आपत्तियों और सुझावों का समयबद्ध और सर्वमान्य हल सुनिश्चित किया जाए। यह भी कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य करते हुए वन, पर्यावरण सहित विभिन्न मंत्रालयों से अनुमतियां इत्यादि प्राप्त करने के लिए आवश्यक औपचारिकताएं समय पर पूरी कर लें। इसकी परिधि में आने वाली एचटी लाइनों को स्थानांतरित करने के बारे में भी उपयुक्त कदम उठाए जाएं। उन्होंने सभी कार्यों की अद्यतन (अपडेटिड) स्थिति से अवगत रहने के लिए उपायुक्त स्तर पर साप्ताहिक समीक्षा करने और प्रत्येक 15 दिन में उन्हें प्रतिवेदन (रिपोर्ट) प्रस्तुत करने का भी आग्रह किया है। केंद्रीय राज्य मंत्री ने आश्वस्त किया कि केंद्र के स्तर पर वे इस परियोजना को पूर्ण करने में अपनी ओर से हरसंभव सहायता के लिए सदैव प्रयत्नशील रहेंगे।