लंबे समय से निर्माण में कोताही पर उठ रहे थे सवाल, धीमा हो रहा था निर्माण
मुख्य निर्माण कंपनी गावर कंस्ट्रक्शन खुद संभालेगी अब कार्य
संवाद न्यूज एजेंसी
टौणी देवी, अवाहदेवी (हमीरपुर)। निर्माणाधीन एनएच 03 हमीरपुर-मंडी का निर्माण सबलेटिंग कंपनी सूर्या कंस्ट्रशन से वापस ले लिया गया है। अब मुख्य निर्माण कंपनी गावर कंस्ट्रक्शन खुद इस कार्य को पूरा करेगी।
गावर कंपनी खुद इस महत्वपूर्ण परियोजना का निर्माण कार्य संभालेगी। इसकी पुष्टि भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने की है। हालांकि यह प्रक्रिया दो माह पूर्व शुरू हो चुकी थी। सूर्या कंस्ट्रक्शन कंपनी को सबलेट किया ठेका गावर ने रद्द कर स्वयं काम करने का निर्णय लिया है।
40 किलोमीटर का पहला पैकेज हमीरपुर से सरकाघाट के समीप करनोल तक का टेंडर गावर कंस्ट्रक्शन कंपनी को अवार्ड हुआ था, लेकिन इसे सूर्या कंस्ट्रक्शन कंपनी को सबलेट करने पर पहले ही सवाल उठाए गए थे। बीते तीन वर्षों से निर्माण की धीमी गति, खराब गुणवत्ता और बरसात के दौरान सड़क पर कीचड़ और जलभराव जैसी समस्याएं आम हो गई थीं। हमीरपुर से लेकर आवाहदेवी तक बरसात में जगह-जगह कीचड़ फैल गया है। कई जगह पानी के तालाब बने हुए हैं। इससे लोगों में भारी रोष था।
बॉक्स
गावर को ठेका, सूर्या कर रही थी निर्माण
नेशनल हाईवे नंबर 03 के खंड 141 किलोमीटर से लेकर 181 किलोमीटर तक कुल 40 किलोमीटर हमीरपुर से करनोल का है। इसका ठेका मैसर्स गावर कंस्ट्रक्शन लिमिटेड कंपनी को 22 जून, 2022 को अवार्ड हुआ। इसका अनुबंध मूल्य 223.272 करोड़ रुपये है। विश्व बैंक की ऋण सहायता से हरित राजमार्ग गलियारा परियोजना के तहत यह कार्य 20 दिसंबर, 2024 को पूरा होना था। इसके अगले पांच साल तक सड़क का रखरखाव कंपनी ने करना है। यह ठेका सूर्या कंस्ट्रक्शन कंपनी को सबलेट हुआ था।
कोट
एनएच 03 का निर्माण कार्य अब गावर कंस्ट्रक्शन कंपनी स्वयं करेगी। खतरनाक व संवेदनशील स्थलों पर प्राथमिकता के आधार पर सुधार कार्य किया जाएगा। निर्माण कार्य में तेजी लाई जाएगी। आने वाले समय में स्थिति में सुधार की पूरी उम्मीद है।
-अंकित सिंह, साइट इंजीनियर, गावर कंस्ट्रक्शन कंपनी