हमीरपुर। जिले के 19 सीबीएसई स्कूलों में शिक्षकों के लिए नया ड्रेस कोड लागू किया गया है। एक अक्तूबर से 10 स्कूलों में शिक्षक निर्धारित पोशाक में स्कूल पहुंच रहे हैं। वहीं, शेष नौ स्कूलों का स्टाफ भी नई ड्रेस खरीदने में जुटा है।
उच्च शिक्षा विभाग ने सभी स्कूलों को ड्रेस कोड का पालन करने के निर्देश दिए हैं। नई व्यवस्था के तहत महिला शिक्षकों के लिए हल्के लाइलैक (बैंगनी) रंग की वर्दी निर्धारित की गई है। इसमें साड़ी या कुर्ता-कमीज के साथ पैंट, प्लाजो अथवा सलवार और दुपट्टे का विकल्प दिया गया है।
दोनों विकल्पों के साथ डार्क लाइलैक या पर्पल ब्लेजर अनिवार्य रहेगा। सर्दियों में फुल या हाफ स्लीव स्वेटर पहनने की अनुमति होगी। कैप और ग्लव्स नेवी ब्लू, मोजे ग्रे या नेवी ब्लू और जूते काले होंगे।
पुरुष शिक्षकों के लिए हल्की नीली शर्ट, निर्धारित रंग की पैंट और नेवी ब्लू ब्लेजर तय किया गया है। काली बेल्ट, ग्रे या नेवी ब्लू मोजे और काले जूते पहनना होगा। सर्दियों में नेवी ब्लू स्वेटर की अनुमति रहेगी। पगड़ी, कैप और ग्लव्स भी नेवी ब्लू रंग के होंगे।
सभी शिक्षक और प्रधानाचार्य ड्यूटी के दौरान पहचान पत्र प्रदर्शित करेंगे। अत्यधिक आभूषण और अन्य सहायक वस्तुओं के इस्तेमाल को सीमित रखने के निर्देश भी दिए गए हैं।
बाक्स:
इन स्कूलों में लागू हुआ ड्रेस कोड
अमलैहड़, बड़सर, बदारण, भोरंज, धनेटा, गलोड़, पीएमश्री बलिदानी कैप्टन मृदुल शर्मा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला हमीरपुर, खरवाड़, रैल और सोहरी स्कूल में नई व्यवस्था शुरू हो गई है।
बाक्स:
इन स्कूलों में चल रही प्रक्रिया
बड़ा, बटारण, भरेड़ी, कांगू, करोट, लोहारली, नादौन, रैली जजरी और सुजानपुर स्कूलों में अभी ड्रेस कोड लागू नहीं हुआ है। इन स्कूलों का स्टाफ भी नई ड्रेस खरीदने की प्रक्रिया में है।
कोट
जिले के सभी सीबीएसई स्कूलों में शिक्षकों के लिए निर्धारित ड्रेस कोड लागू किया जा रहा है। 10 स्कूलों में व्यवस्था शुरू हो चुकी है, जबकि शेष स्कूलों में भी जल्द ड्रेस कोड लागू कर दिया जाएगा।
-देशराज डोगरा, उपनिदेशक, उच्च शिक्षा विभाग, हमीरपुर