विधायक राजेंद्र राणा नाडसी गांव में जनसमस्याएं सुनते हुए।
टौणीदेवी/सुजानपुर(हमीरपुर)। विकास खंड बमसन की ग्राम पंचायत नाडसी में शनिवार को आयोजित विधायक आपके द्वार कार्यक्रम में बीडीओ कार्यालय बमसन से कोई भी अधिकारी नहीं पहुंचा। इस पर स्थानीय विधायक राजेंद्र राणा ने विकास खंड के अधिकारियों को खूब लताड़ लगाई। उन्होंने कहा कि लोगों के हितों से खिलवाड़ करने वाले और ड्यूटी में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने विभिन्न विभागों से आए हुए अधिकारियों और कर्मचारियों को लोगों की समस्याओं का तुरंत निदान करने के बारे में उचित निर्देश दिए। परंतु कार्यक्रम में विकास खंड बमसन टौणीदेवी की तरफ से कोई भी अधिकारी और कर्मचारी मौजूद नहीं होने के कारण उन्होंने फोन के माध्यम से बीडीओ के समक्ष गहरी नाराजगी जाहिर की।
राणा ने कहा कि किसी भी विभाग के अधिकारी और कर्मचारी को लोगों के हितों से खिलवाड़ करने नहीं दिया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान मौजूद स्थानीय लोगों ने उनके समक्ष विकास खंड टौणीदेवी से संबंधित कुछ विकास कार्यों की समस्याएं रखी थी। परंतु विकास खंड की तरफ से कोई भी अधिकारी और कर्मचारी कार्यक्रम में मौजूद नहीं था। जब प्रदेश सरकार अधिकारियों और कर्मचारियों के हितों कि हमेशा पैरवी करती आई है तो अधिकारियों का कर्तव्य भी बनता है कि लोगों के हितों के बारे में सोचें। क्योंकि लोग विभिन्न विभागों के दफ्तरों के चक्कर काटने से कतराते हैं और एक विश्वास के साथ ऐसे कार्यक्रम में अपने प्रतिनिधियों और विधायकों से अपनी मांग और समस्या रखते हैं। उन्होंने कहा कि जनता के हित सर्वोपरि है। कार्यक्रम में हर विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों का होना अनिवार्य है और बीडीओ को कार्यक्रम की सूचना पहले ही दी गई थी।