हनुमान मंदिर सुजानपुर में अक्षय तृतीय के मौके पर झंडा रस्म निभाते हुए
सुजानपुर(हमीरपुर)। प्राचीन हनुमान मंदिर सुजानपुर में अक्षय तृतीय के अवसर पर विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान मंदिर में 51 फीट ऊंचा झंडा चढ़ाया गया और विधिवत पूजा अर्चना के बाद शनिदेव और भैरव बाबा की मूर्ति स्थापित की गई। शाम को मंदिर में पूजा अर्चना के बाद विशाल भंडारा लगाया गया। प्राचीन हनुमान मंदिर के कायाकल्प को लेकर मंदिर कमेटी की ओर से लगातार कार्य किया जा रहा है। हाल ही में मां दुर्गा, बाबा बालकनाथ की गुफा से लेकर मंदिर के चारों ओर शीशे से चारदीवारी लगाकर मंदिर का जीर्णोद्धार करवाया गया है। राजपुरोहित आशुतोष शर्मा तथा वेद प्रकाश ने मंत्रोच्चारण करके विधिवत हवन यज्ञ करवाया और मंदिर में झंडा चढ़ाया गया। इस मौके पर नगर परिषद के उपाध्यक्ष पवन कुमार, मंदिर कमेटी के प्रधान श्रवण कुमार मौजूद रहे। वहीं दूसरी ओर अक्षय तृतीय पर्व पर मुरली मनोहर मंदिर सुजानपुर में विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। भंडारे में सैकड़ों लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया।