हमीरपुर। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी की ओर से आयोजित की जाने वाली मेडिकल प्रवेश परीक्षा नेशनल एलिजिबिलिटी कम एंट्रेंस टेस्ट- अंडर ग्रेजुएट यानी नीट-यूजी का आयोजन पांच मई रविवार को दोपहर दो से शाम 5:20 बजे के बीच होगा। जिला परीक्षा समन्वयक और डीएवी पब्लिक स्कूल हमीरपुर के प्रधानाचार्य विश्वास शर्मा ने कहा कि हमीरपुर जिले के 6 सेंटरों में परीक्षा का आयोजन किया जाएगा। इसमें 3096 परीक्षार्थियों का पंजीकरण हुआ है। उन्होंने बताया कि परीक्षा की सभी तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। परीक्षा केंद्र पर प्रवेश 11 बजे से शुरू हो जाएगा और 1.30 बजे तक चलेगा। दोपहर 1.30 बजे के बाद किसी भी परीक्षार्थी को परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा। परीक्षा हॉल के अंदर कोई भी इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस जैसे मोबाइल, स्मार्ट वॉच, लैपटॉप लेकर न जाएं।