जसोह पुली के पास वर्षा शालिका की दरकार। संवाद
धनेटा (हमीरपुर)। उपमंडल नादौन के तहत जसोह पुली के पास वर्षाशालिका की दरकार है। बरसात के मौसम में राहगीरों और यात्रियों के लिए बैठने की कोई उचित व्यवस्था नहीं है। इस कारण बारिश के दौरान लोगों को खुले में खड़े रहना पड़ता है।
विशेषकर डाइट गौना करौर में पढ़ने जाने वाले विद्यार्थियों और बस की प्रतीक्षा कर रहे बुज़ुर्गों को यहां काफी असुविधा का सामना करना पड़ता है। स्थानीय लोगों ने बताया कि इस जगह से एक मार्ग वाया बसारल होकर नादौन और दूसरा मार्ग वाया कलूर होकर नादौन में मिलता है, लेकिन यहां किसी भी प्रकार का स्पष्ट संकेतक बोर्ड नहीं है।
बोर्ड न होने के कारण बाहर से आने वाले लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए लोगों से रास्ता पूछना पड़ता है। रात के समय जब आसपास की दुकानें भी बंद हो जाती हैं तो राहगीरों और वाहन चालकों की काफी दिक्कतें होती हैं। एक छोटा सा संकेतक बोर्ड लगाया गया है। उसमें सिर्फ कलूर और नादौन ही दर्शाए गए हैं। बाकी कुछ भी नहीं लिखा है और न ही इसे उपयुक्त स्थान पर लगाया गया है। उन्होंने लोक निर्माण विभाग धनेटा से मांग की है कि इस स्थान पर जल्द से जल्द वर्षाशालिका का निर्माण करवाया जाए।