लदरौर (हमीरपुर)। लदरौर से हमीरपुर जाने वाले यात्रियों को वाया खुठड़ीं, साहनवीं मार्ग पर पर्याप्त बस सुविधा न मिलने से भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इस रूट पर केवल एक ही निजी बस चलती है।
इस बस पर रोजाना सैकड़ों लोग निर्भर हैं। स्थानीय लोगों ने बताया कि एकमात्र बस होने के कारण यात्रियों को सीट भी मिल पाती है। यह बस सुबह 7 बजे के लगभग लदरौर से निकलती है। वहींए कई बार यह बस सेवा भी बंद हो जाती है। इस कारण स्कूल-कॉलेज जाने वाले विद्यार्थियों और बुज़ुर्ग यात्रियों को सबसे अधिक दिक्कतें झेलनी पड़ रही हैं।
बस में अत्यधिक भीड़ के चलते यात्रा करना जोखिम भरा भी होता है। कई बार यात्रियों को खड़े होकर सफर करना पड़ता है, जिससे हादसे की आशंका बनी रहती है। इसके बाद भी रूट पर न तो सरकारी बस सेवा शुरू की गई है और न ही अतिरिक्त निजी बसों की व्यवस्था की गई है।
उन्होंने परिवहन निगम और प्रशासन से मांग की है कि लदरौर-हमीरपुर वाया खुठड़ीं, साहनवीं रूट पर जल्द से जल्द अतिरिक्त बसें चलाई जाएं, ताकि यात्रियों को राहत मिल सके। वहीं, क्षेत्र की यातायात व्यवस्था सुचारू हो सके।