अवाहदेवी(हमीरपुर)। अवाहदेवी क्षेत्र के लोगों ने एचआरटीसी प्रबंधन से सुबह के समय चंडीगढ़ के लिए सीधी बस सेवा शुरू करने की मांग उठाई है। सुबह 4 या 5 बजे सुविधा मिलने से यात्रियों को काफी फायदा होगा। स्थानीय पंचायत प्रतिनिधियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने बताया कि बस सुविधा मिले तो लोग सुबह जल्दी चंडीगढ़ जाकर अपने निजी और सरकारी कार्य आसानी से निपटा सकेंगे और उसी दिन वापस लौट भी पाएंगे। स्थानीय लोगों में बलबीर सिंह ठाकुर, राकेश कुमार, कमलेश कुमार, अशोक कुमार, नरेश कुमार, रमेश चंद, अमर नाथ चंदेल ने बताया कि बस सुविधा शुरू होने से पीजीआई जाने वाले मरीजों के लिए बड़ी राहत होगी।
क्षेत्र के लोग व मरीज उपचार और नियमित जांच के लिए चंडीगढ़ स्थित पीजीआई पर निर्भर रहते हैं। सुबह जल्दी चंडीगढ़ पहुंचने के लिए सीधी बस उपलब्ध नहीं होने के कारण मरीजों और उनके परिजनों को रात में ही घर से निकलना पड़ता है। निजी टैक्सी का महंगा विकल्प चुनना पड़ता है। चंडीगढ़ में पढ़ाई, प्रतियोगी परीक्षाओं और नौकरी के सिलसिले में जाने वाले युवाओं के लिए भी सुबह की सीधी बस सेवा बेहद उपयोगी साबित होगी।