ग्राम पंचायत जलाड़ी में राजाओं के समय में बनाया गया दशकों पुराना जलाश्य नौण जीर्णोंद्धार के बाद
- फोटो : mathura
रंगस (हमीरपुर)। राजाओं के समय में निर्मित दशकों पुराता नौण एक बार फिर जीवंत हुआ है। अस्तित्व की जंग लड़ रहे नौण को करीब दस लाख रुपये की लागत से नया जीवन प्रदान किया है।
पंचायत प्रतिनिधियों तथा स्थानीय लोगों ने श्रमदान कर अपनी पहचान खो चुके नौण का जीर्णोंद्धार किया है। राजाओं के समय से निर्मित यह प्राचीन जलाशय लंबे समय से उपेक्षित अवस्था में था। उचित देखरेख न होने के कारण इसमें गाद भरी हुई थी तथा चारों ओर झाड़ियों के उगे होने के कारण नौण तक पहुंचना मुश्किल हो गया था।
ग्राम पंचायत जलाड़ी ने मनरेगा के माध्यम से लगभग 10 लाख रुपये की लागत से गाद निकासी व सफाई का कार्य प्रारंभ किया है। पानी के सतत प्रवाह को बनाए रखने के लिए अंडरग्राउंड पाइप द्वारा ड्रेनेज सिस्टम तैयार किया गया है तथा चारों ओर सुरक्षा दीवारें भी बनाई गईं हैं। इसके अलावा वित्त आयोग से प्राप्त तीन लाख रुपये की राशि से अपवर्तन एवं अन्य सुदृढ़ीकरण कार्य किए गए हैं।
सबसे बड़ी बात यह है कि ब्लॉक के समस्त स्टाफ ने भी एक दिन का श्रमदान करते हुए गाद निकासी में सहयोग दिया है। गाद निकासी के दौरान अंतिम छोर पर प्राचीन मूर्तियां भी प्राप्त हुई हैं, जो इस जलाशय के ऐतिहासिक महत्व को और अधिक उजागर करती हैं।
अब इस नौण की गहराई लगभग 15 फुट तक बढ़ चुकी है और सभी जल स्रोत पुनर्जीवित हो गए हैं। अब निरंतर तीन से चार इंच शुद्ध जल बह रहा है, जो आसपास के पांच से छह गांवों के लिए स्थायी पेयजल स्रोत बनने की क्षमता रखता है।