सुजानपुर (हमीरपुर)। उपमंडल सुजानपुर में आगामी पांच से आठ मार्च तक आयोजित होने वाले राष्ट्र स्तरीय होली मेले के लिए सोमवार को मेला अधिकारी एसडीएम सुजानपुर डॉ. हरीश गज्जू की अध्यक्षता में चौगान मैदान में प्लाट मार्किंग शुरू हुई। इस दौरान मैदान में झूले लगाने के लिए बोली भी लगाई गई। जिसमें पांच बोली दाताओं ने भाग लिया।
पांच बोली दाताओं में विवेक शर्मा ने सबसे ज्यादा बोली 34 लाख रुपये की लगाई। बोली के उपरांत उनकी फर्म के नाम झूला मार्केट को आवंटित कर दिया गया। वहीं, इस दौरान मेले में डोम (बड़ी दुकानों का समूह) की बोली भी लगाई गई। इसमें दो डोम की बोली 27.50 लाख रुपये लगाई गई।
इसी के साथ चौगान में दुकानों के लिए भी स्टॉल लगाने के लिए निशानदेही का कार्य शुरू किया गया। जिसमें राजस्व विभाग की ओर से सदर कानूनगो राजेश बहल की टीम ने चौगान में निशानदेही की। निशानदेही प्रक्रिया पूरी होने के बाद यह प्लाट आवंटित कर दिए जाएंगे। इस मौके पर एसडीएम सुजानपुर डॉ. हरीश गज्जू, तहसील कल्याण अधिकारी राकेश पुरी, नगर परिषद कार्यकारी अधिकारी संजय कुमार सदर कानूनगो राजेश बहल और नगर परिषद के पूर्व अध्यक्ष मनोज ठाकुर आदि मौजूद रहे।