नगर परिषद हमीरपुर के वार्ड नंबर-9 में रास्ता बहुत तंग है। रास्ते का विस्तार न होने से एंबुलेंस लोगों के घर तक नहीं पहुंच पाती। मरीज को चारपाई पर उठाकर अस्पताल पहुंचाना पड़ता है। शव को भी इसी तरह से शमशानघाट पहुंचाना मजबूरी है। लोगों ने इस समस्या को नगर परिषद अधिकारियों के समक्ष उठाया।
लोगों का आरोप है कि वार्ड में सफाई का ध्यान नहीं रखा जा रहा। रास्तों पर कूड़ा-कचरा बिखरा रहता है। यहां कूड़ेदान भी गंदगी से लबालब भरे रहते हैं जिससे बदबू का आलम है। साथ ही नाले की निकासी अवरुद्ध होने से लोगों को खासी दिक्कतें हो रही हैं।
अस्पताल के शव गृह के निर्माण कार्य के दौरान मलबा नाले में फेंका गया था। इससे नाला अवरुद्ध हो गया और सारी गंदगी यहां आकर जमा हो रही है। लोगों का आरोप है कि समस्या के बारे में विभाग और नगर परिषद नुमाइंदों को अवगत करवा चुके हैं, लेकिन अब तक समाधान नहीं हो पाया है।
‘अमर उजाला’ ने ‘आपकी आवाज’ कार्यक्रम का आयोजन कर वार्ड-9 के बाशिंदों की समस्याओं को एक मंच देते हुए विभागीय अधिकारियों के सामने उठाया। नगर परिषद हमीरपुर की सर्वहित सुधार सभा भवन में सोमवार को आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता नवनिर्वाचित नप अध्यक्ष सुलोचना देवी तथा पार्षद आशा रानी ने की।
इस मौके पर बिजली बोर्ड से जेई नरेश वर्मा, आईपीएच विभाग से जेई संजय कटवाल, लोनिवि से जेई शिवानी और नप के कार्यकारी अधिकारी विनोद शर्मा के अलावा पार्षद अनिल सोनी मौजूद रहे। इसमें पानी, बिजली, रास्ते, नाले का चैनलाइजेशन, सीवरेज कनेक्शन जैसी समस्याएं प्रमुखता से उठाई गईं। स्थानीय वार्ड के पार्षद एवं अध्यक्ष सुलोचना देवी ने लोगों की समस्याओं का शीघ्र समाधान करने का आश्वासन दिया।
वार्ड -9 की समस्याएं
रास्ते संकुचित: वार्ड के रास्ते काफी संकुचित, एंबुलेंस भी नहीं गुजर सकती, चारपाई पर अस्पताल पहुंचाए जा रहे मरीज
सीवरेज : वार्ड-9 में सीवरेज कनेक्शन की समस्या गंभीर, वार्ड में कई जगह सीवरेज कनेक्शन हो रहे लीक, हो रही परेशानी
पेयजल : तीन मंजिला भवनों तक नहीं पहुंच रही पानी की सप्लाई, प्रेशर कम होने से समस्या, पानी की पाइप बदलने की मांग
शराबियों का हुड़दंग : शराब पीकर यहां लोग कर रहे हो-हल्ला, अकसर दिख जाते हैं शराबी सड़क किनारे, पुलिस मूक दर्शक
सफाई : सफाई व्यवस्था भी चरमराई, समय पर नहीं उठाया जा रहा कूड़ा-कर्कट। वार्ड में गंदगी का आलम, कूड़ेदान भी गंदगी से लबालब
सड़क मार्ग : वार्ड की सड़क पूरी तरह उखड़ी, बरसात के पानी से वार्ड की सड़कें हो रहीं गड्ढों में तबदील, ड्रेन से जल निकासी बहाल करने की मांग
नाली में पाइप : निकासी नालियों से होकर गुजर रहे पेयजल पाइप, लीकेज से पाइपों में घुल रही नाली की गंदगी, बीमारियां फैलने का अंदेशा
मलबे से दिक्कत: शव गृह निर्माण के दौरान नाले में फेंका सारा मलबा, नाला अवरुद्ध होने से हो रहा पानी जमा, गंदगी और बीमारियां का खतरा बढ़ा
क्या कहते हैं लोग:
रास्तों की सफाई नहीं हो रही जिससे रास्तों पर चलना तक दूभर हो रहा है। वार्ड में लगे कूड़ेदान भी गंदगी से भरे पड़े हैं जिससे परेशानी हो रही है। समस्या हल की जाए।
- लक्ष्मी चंद शर्मा
सीवरेज पाइप लाइन का लेवल सही नहीं है। मेरा घर नीचे है जबकि सीवरेज लाइन ऊंचाई पर है। लवल सही कर सीवरेज कनेक्शन की सुविधा मुहैया करवाई जाए।
- राकेश कुमार
वार्ड की सारी गंदगी नाले में बह रही है जिससे नाला अवरुद्ध हो रहा है। इसका चैनलाइजेशन किया जाए जिससे लोगों को परेशानी न हो।
- ओम प्रकाश
वार्ड में स्थापित शौचालय बंद पड़े हैं जिससे लोगों को इनकी सुविधा नहीं मिल पा रही। सड़क की मरम्मत भी नहीं हो रही जिससे दिक्कतें हो रही हैं। समस्या का हल निकाला जाए।
- एमएल नंदा
वार्ड में शराब ठेके पर लोग शराब पीकर रास्तों पर बेसुध पड़े रहते हैं जिससे लोगों को परेशानी होती है। शराबी यहां हो-हल्ला करते हैं। पुलिस इन पर शिकंजा कसे।
- ज्ञान चंद शर्मा
निकासी नालियों से आईपीएच के पेयजल पाइप गुजर रहे हैं। कई जगह पाइप लीक भी हैं। इस लीकेज से पाइपों में नालियों की गंदगी घुल रही है। बीमारियों का अंदेशा है।
- हरदेव दत्त
अस्पताल के शव गृह के निर्माण के दौरान मलबा नाले में फेंका गया है जिससे नाला अवरुद्ध हो गया है। यहां पानी जमा होने से गंदगी और बदबू का आलम है। निकासी बहाल की जाए।
- राजकुमार
- वार्ड के रास्ते का विस्तार किया जाए। मरीज को चारपाई पर लेटाकर अस्पताल पहुंचाना पड़ता है। लोगों की मलकीयत भूमि होने के बावजूद एंबुलेंस वार्ड में नहीं जा पाती। रास्ते का विस्तार हो।
- डॉ. पीसी शर्मा
क्या कहते हैं अधिकारी
वार्ड में पेयजल सप्लाई की समस्या का जल्द समाधान करवा दिया जाएगा। पेयजल पाइप को बदला जाएगा। इसके लिए एस्टिमेट भी तैयार किया गया है। कुछ ही दिनों में पाइप बदल दिए जाएंगे।
संजय कटवाल, जेई, आईपीएच, हमीरपुर
सड़क मार्ग की दशा को जल्द सुधार दिया जाएगा। सड़क किनारे निकासी नाली बनाने के बारे में जल्द निर्णय लिया जाएगा। लोगों को जल्द सुविधा प्रदान की जाएगी।
शिवानी शर्मा, जेई, लोनिवि, हमीरपुर
जमीन विवाद के कारण सीवरेज का कार्य रुका है। सीवरेज पाइप के लिए जमीन मिले तो समस्या एकदम हल हो सकती है। सफाई और रास्तों का रखरखाव किया जाएगा।
- विनोद शर्मा, ईओ, नगर परिषद, हमीरपुर
शहरवासियों ने सभी जायज समस्याएं उठाई हैं। शीघ्र ही अधिकारियों के साथ मिल कर समस्याओं का हल किया जाएगा। भोटा चौक से लेकर हथली खड्ड तक निकासी नालियां और फुटपाथ का निर्माण इसमें प्रमुख है।
- आशा रानी, पार्षद-9