राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कुलेहड़ा में मंगलवार को जोनल स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का शुभारंभ उच्च शिक्षा विभाग के उपनिदेशक सोमदत्त सांख्यान ने किया। इस प्रतियोगिता में ब्लॉक के 26 उच्च पाठशालाओं के 245 प्रतिभागी भाग ले रहे हैं। इस प्रतियोगिता में वॉलीबाल, कबड्डी और बैडमिंटन की प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही है।
प्रतियोगिता में पहले दिन खेले गए कबड्डी के मुकाबले में बराहलड़ी की टीम ने नरेड़ी स्कूल की टीम को हराया। प्रतियोगिता के दूसरे मुकाबले में भवराण स्कूल की टीम ने कोट स्कूल की टीम को धूल चटाई। वहीं पप्लाह ब्राहमणा की टीम ने बोहणी स्कूल को हराया। वॉलीबाल प्रतियोगिता में नालंगर स्कूल की टीम ने पप्लाह ब्राहमणा स्कूल को हराया।
प्रतियोगिता के दूसरे मुकाबले में मझोग सुल्तानी की टीम ने ब्राहलड़ी स्कूल की टीम को हराया। वहीं एक अन्य मुकाबले में धमरोल स्कूल की टीम ने राजोल स्कूल की टीम को पराजित किया। बैडमिंटन प्रतियोगिता में जसाई स्कूल की टीम ने मनसूइ की टीम को ज्वाणी स्कूल की टीम ने नाल्टी स्कूल को हराया।
इस मौके पर कुलेहड़ा पंचायत के प्रधान इंद्रजीत सिंह, स्कूल प्रिंसिपल सुशील कुमार, समन्वयक जगदीश चंद, करतार चंद, एडीपीईओ सुनील कपिल, निरीक्षक राजेश ढटवालिया, एसएमसी प्रधान गुरमीत पठानिया समेत अन्य लोग मौजूद रहे। स्कूल प्रशासन और डीएसए ने मुख्यातिथि को स्मृति चिन्ह भेंटकर सम्मानित किया। मुख्य संसदीय सचिव आईडी लखनपाल 11 अगस्त को प्रतियोगिता का समापन करेंगे।