कोरोना वैक्सीन का टीका लगवाते बीएमओ नादौन डॉ. अशोक कौशल।
- फोटो : Hamirpur-HP
नादौन। सिविल अस्पताल नादौन में शनिवार को कोरोना वैक्सीन का टीका लगाया गया। प्रथम चरण में नादौन अस्पताल के मेडिकल स्टॉफ सहित कुछ आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को वैक्सीन लगाई गई। सबसे पहले 108 एंबुलेंस के फार्मासिस्ट अमित कुमार को वैक्सीन लगाकर इस कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। प्रथम चरण में 80 टीके लगाने का लक्ष्य रखा गया था। जिसमें से अभी तक 48 लोगों ने वैक्सीन लगवाई है।
खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. अशोक कौशल, वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. बीएस राणा और यहां कार्यरत अन्य चिकित्सकों, नर्सों तथा स्टाफ को वैक्सीन लगाई गई। इस संबंध में बीएमओ डॉ. अशोक कौशल ने कहा कि चरणबद्ध तरीके से उपमंडल भर में वैक्सीन का प्रथम चरण पूरा किया जाएगा। सरकार की गाइडलाइन के अनुसार ही वैक्सीनेशन की जा रही है।