जाहू/भोरंंज(हमीरपुर)। थाना क्षेत्र भोरंज के तहत टिक्कर बुहला में 10 लाख की कीमत के गहने चोरी के मामले में पुलिस ने दो और लोगों को गिरफ्तार किया है। जेवरात चोरी के मामले में अब तक चार लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है। भोरंज पुलिस ने चोरी के मामले का पर्दाफाश कर इस वारदात में शामिल चार लोगों को गिरफ्तार किया है। भोरंज पुलिस दो लोगों को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी थी, जबकि जाहू के अन्य दो लोगों को सोमवार देर शाम हिरासत में लिया गया है। एक आरोपी उपमंडल भोरंज में आभूषणों का कारोबार करता है। चोरी किए हुए गहनों को आरोपियों ने कारोबारियों को बेचा था।पूर्व में गिरफ्तार दो आरोपियों विशाल बन्याल और कमल कुमार से कड़ी पूछताछ के बाद पुलिस ने इस मामले में अन्य दो आरोपियों अशोक और एक आभूषण विक्रेता को पकड़ने में कामयाबी हासिल की है। आरोपियों की शिनाख्त के बाद पुलिस ने इन दोनों को हिरासत में ले लिया है। पुलिस ने आरोपियों से चोरी का अधिकतर सामान बरामद कर लिया है। भोरंज उपमंडल के तहत टिक्कर बुहला में एक महिला ने भोरंज पुलिस में 22 जनवरी को चोरी का मामला दर्ज कराया था। महिला ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि उसका सोने का हार, लॉकेट, कान के झुमके, गले की तीन सोने की चेन सहित अन्य जेवरात और नकदी चोरी हुई। इन सभी गहनों की 10 लाख रुपये कीमत थी। इस बारे में भोरंज के एसएचओ सूरम सिंह ने कहा कि आभूषणों के चोरी के मामले में जाहू से दो लोगों को पुलिस ने हिरासत में लिया है। इनमें एक आभूषण विक्रेता है तथा दूसरा व्यक्ति जिसने गहनों को सुनार को बेचा था, उसे भी हिरासत में लिया गया। दोनों आरोपियों को 27 जनवरी तक पुलिस की रिमांड में रखा जाएगा।