हमीरपुर। नगर परिषद हमीरपुर के वार्ड नंबर दो में शुक्रवार सुबह साढ़े नौ बजे नगर परिषद का एक कर्मचारी चलते टैंपो से गिरकर घायल हो गया। सूचना मिलने पर नगर परिषद के अन्य कर्मचारी मौके पर पहुंचे और घायल को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज हमीरपुर पहुंचाया। जहां पर प्राथमिक उपचार के बाद घायल व्यक्ति का सिटी स्कैन करवाया गया। दरअसल पंजाब से एक टैंपो नगर परिषद हमीरपुर में स्थापित होने वाले मोबाइल शौचालय लेकर आया था।
इन मोबाइल शौचालय को वार्ड नंबर दो स्थित नगर परिषद के स्टोर में रखा जाना था। शुक्रवार को बारिश भी लगी हुई थी लेकिन टैंपो पर लदे इन मोबाइल शौचालय की ऊंचाई अधिक होने से कई जगह बिजली की तारें बाधा बन रही थी। इसके चलते नप का कर्मचारी टैंपो पर चढ़कर जगह-जगह डंडे से बिजली की तारों से हटा रहा था। इस दौरान वार्ड नंबर दो में जब वह पहुंचा तो टैंपो से नीचे गिर गया।
उधर, नगर परिषद हमीरपुर के ईओ अक्षित गुप्ता ने कहा कि घायल कर्मचारी का मेडिकल कॉलेज में चेकअप करवाया गया है। सिटी स्कैन भी करवाया गया, जहां सारी रिपोर्ट सामान्य पाई गई हैं।