मुख्यमंत्री स्वावलंबन योजना के तहत उद्योगों के अनुमोदन को आयोजित बैठक में मौजूद उपायुक्त और अधि
- फोटो : Hamirpur-HP
हमीरपुर। मुख्यमंत्री स्वावलंबन योजना के अंतर्गत जिला स्तरीय समिति की बैठक उपायुक्त हरिकेश मीणा की अध्यक्षता में हुई। बैठक में जिला स्तरीय समिति ने 37 उद्योग लगाने के लिए आवेदनों को स्वीकृति दी। इन्हें आगामी कार्यवाही के लिए बैंकों को भेजा जाएगा।
इन सभी उद्योगों में 7 करोड़ 26 लाख का निवेश होगा। इससे 166 लोगों को रोजगार उपलब्ध होगा। इन उद्योगों के लिए सरकार 1 करोड़ 62 लाख रुपये की सब्सिडी देगी। उपायुक्त हरिकेश मीणा ने जिला के बैंकों को निर्देश दिए कि बैंक इस योजना के तहत आने वाले आवेदनों को सकारात्मकता और शीघ्रता से ऋण दें। उन्होंने उद्योग विभाग के अधिकारियों से आग्रह किया कि वे बैंकों के साथ समन्वय स्थापित करते हुए इनके शीघ्र निपटारे के लिए सतत प्रयत्नशील रहें।
बैठक में उद्योग विभाग के महाप्रबंधक विजय कुमार चौधरी ने गत वर्ष की उपलब्धियों एवं मुख्यमंत्री स्वावलंबन योजना के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि इस योजना के लिए 18 से 45 वर्ष का हिमाचली युवक एवं युवती पात्र हैं। किसी भी विनिर्माण क्षेत्र या अधिसूचित सेवा क्षेत्र में उद्योग लगा सकता है। योजना के अंतर्गत 60 लाख तक के निवेश पर 40 लाख रुपये के उपकरण पर पुरुष आवेदनकर्ता को 25 फीसदी, महिलाओं को 30 फीसदी, विधवा प्रार्थी को 35 फीसदी अनुदान दिया जाता है। 10 लाख से कम मूल्य तक का इलेक्ट्रिक रिक्शा, सौर ऊर्जा चालित तीन पहिया वाहन, छोटे माल वाहक (केवल स्व-चालित) और मोबाइल खाद्य वैन भी अब मुख्यमंत्री स्वावलंबन योजना के तहत खरीदे जा सकते हैं।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री स्वावलंबन योजना के तहत आवेदन पत्र ऑनलाइन भर कर, फोटो, किराया विलेख, आधार कार्ड, बोनाफाइड हिमाचली और प्रोजेक्ट रिपोर्ट अपलोड करनी होगी। अधिक जानकारी के लिए आवेदक जिला उद्योग केंद्र, हमीरपुर में आकर महाप्रबंधक या परियोजना प्रबंधक या खंड विकास अधिकारी के कार्यालय में प्रसार अधिकारी (उद्योग) से मिल सकता है। बैठक में अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी जितेंद्र सांजटा, जिला अग्रणी बैंक प्रबंधक जीसी भट्टी भी उपस्थित रहे।