कारोबारियों को सुजानपुर नगर परिषद ने दिए ग्राउंड से सामान हटाने के आदेश
संवाद न्यूज एजेंसी
सुजानपुर (हमीरपुर)। ऐतिहासिक चौगान मैदान सुजानपुर में बारिश के कारण चारों ओर कीचड़ फैल गया है। इस कारण वहां से दुकानें हटा रहे कारोबारियों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। नगर परिषद सुजानपुर के कर्मचारियों ने सोमवार को पैदल जाकर माइक के माध्यम से अनाउंसमेंट कर कारोबार बंद करने की हिदायत दी और समान समेटे को कहा।
कीचड़ होने के कारण सामान भरने के लिए मैदान में गाड़ियों को ले जाना भी मुश्किल हो गया है। सुजानपुर का राष्ट्र स्तरीय होली उत्सव संपन्न हो गया है। मेले में आए कारोबारी अब अपना सामान समेटने लगे हैं लेकिन बारिश से हालात खराब हो गए हैं। मेला मैदान में गाड़ियों की आवाजाही के कारण स्थिति और भी खराब हो गई है।
नगर परिषद सुजानपुर ने भी कारोबारियों को अब कारोबार बंद करने के सख्त निर्देश जारी कर दिए हैं। राष्ट्र स्तरीय होली उत्सव पहली से पांच मार्च तक सरकारी तौर पर मनाया गया। प्रशासन ने मेले की मंदी, बच्चों की परीक्षा और बारिश के चलते पांच अप्रैल तक दुकानें सजाए रखने का समय दिया था। दुकानदार हंसराज, अमित चंद, रमेश सुरेश ने कहा कि इस बार मेला कारोबार की दृष्टि से बिल्कुल फीका रहा। वहीं अब ग्राउंड से सामान ले जाने की दिक्कत हो रही है।