प्रतिष्ठित संस्थानों के साथ साझेदारी और शैक्षणिक गुणवत्ता बढ़ाना रहेगा लक्ष्य
समझौता ज्ञापन पांच वर्षों की अवधि के लिए लागू रहेगा
संवाद न्यूज एजेंसी
धनेटा(हमीरपुर)। राजकीय महाविद्यालय धनेटा और सिद्धार्थ राजकीय उत्कृष्ट महाविद्यालय नादौन में शनिवार को समझौता ज्ञापन (एमओयू) हुआ। धनेटा कॉलेज के प्राचार्य डॉ. ज्ञानचंद राणा ने कहा कि इस प्रकार का समझौता ज्ञापन महाविद्यालय धनेटा के लिए अन्य प्रतिष्ठित संस्थानों के साथ साझेदारी करना, शैक्षणिक गुणवत्ता बढ़ाने के हमारे लक्ष्यों के अनुरूप होगा। इसका मुख्य उद्देश्य पारस्परिक हित के क्षेत्रों में शैक्षणिक, खेल, सांस्कृतिक, विज्ञान और कंप्यूटर प्रयोगशालाओं, कौशल विकास और शैक्षिक परियोजनाओं में सहयोग के लिए एक सहकारी ढांचा स्थापित करना है। समझौता ज्ञापन के अनुसार प्रतिष्ठा, छात्रों और संकाय के बीच विज्ञान, कंप्यूटर और आईटी प्रयोगशालाओं को साझा करना, औद्योगिक क्षेत्र, शैक्षिक भ्रमण का आयोजन करना, सीएसआईआर, आईसीएसएसआर, यूजीसी आदि जैसी फंडिंग एजेंसियों को संयुक्त परियोजनाएं, सम्मेलन प्रस्ताव प्रस्तुत करना जैसी बातें महत्वपूर्ण रूप से रहेंगी। यह समझौता ज्ञापन पांच वर्षों की अवधि के लिए लागू रहेगा और दोनों महाविद्यालय आपसी लिखित सहमति से इसे अतिरिक्त पांच वर्षों के लिए बढ़ा सकते हैं। इसकी समाप्ति से एमओयू के समय चल रही किसी भी परियोजना या कार्यक्रम के पूरा होने पर कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा। इस समझौता ज्ञापन पर प्राचार्य डॉ ज्ञान चंद राणा, प्राचार्य डॉ. अनिल कुमार गौतम ने तथा दोनों महाविद्यालय के वरिष्ठ अध्यापकों प्रो. विक्रम सिंह, प्रो. कल्पना चडढ़ा, प्रो. नीलम अग्निहोत्री, प्रो. मंजू ठाकुर, प्रो. नीतिका, प्रो. सीमा शर्मा, प्रो. भगवती, प्रो .रवि कांत, ऋषि रतन, रवि के समक्ष हस्ताक्षर किए।