लदरौर (हमीरपुर)। पुलिस चौकी लदरौर परिसर से चोरी हुई बाइक को पुलिस ने पट्टा में झाड़ियों से बरामद कर लिया है। मामले में गिरफ्तार दोनों आरोपियों को सोमवार को हमीरपुर कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
आरोपियों की पहचान उत्तर प्रदेश निवासी दिनेश और प्रमोद के रूप में हुई है। दोनों क्षेत्र में मजदूरी करते हैं और पट्टा में किराये के कमरे में रहते हैं। पुलिस जांच के अनुसार, 21 अक्तूबर को आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध न करवाने पर बाइक जब्त की गई थी।
शनिवार रात दोनों युवक चौकी परिसर से बाइक लेकर फरार हो गए थे। घटना का पता चलने पर पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाली और छानबीन के आधार पर दोनों को गिरफ्तार कर लिया। सोमवार सुबह उनकी निशानदेही पर बाइक पट्टा में झाड़ियों से बरामद की गई।
पुलिस जांच में सामने आया है कि बाइक पंचकूला निवासी शीला के नाम पर पंजीकृत है। पुलिस अब बाइक की मालकिन से संपर्क कर यह पता लगाने में जुटी है कि बाइक चौकी परिसर तक कैसे पहुंची थी और क्या इसे पहले कहीं से चोरी किया गया था।
कोट
आरोपियों को कोर्ट से न्यायिक हिरासत मिली है। बाइक की बरामदगी के बाद पुलिस तमाम तथ्यों पर जांच कर रही है।
-बलवीर ठाकुर, एसपी हमीरपुर