बैंकों में तीन की छुट्टी से लोगों की मुश्किलें बढ़ने वाली हैं। पहले ही दिन लोग कैश निकालने के लिए यहां-वहां भटकते नजर आए। अगर बैंक प्रबंधनों ने एटीएम दुरुस्त नहीं किए तो लोगों को खासी परेशानी झेलनी पड़ सकती है। जिला मुख्यालय में शनिवार को दिन भर एटीएम बंद रहे।
निजी बैंकों के एटीएम के तो शटर भी बंद नजर आए। शनिवार से सोमवार तक बैंकों में अवकाश है, ऐसे में अभी दो दिन और कैश न निकलने से उपभोक्ताओं की दिक्कतें और बढ़ सकती हैं। नोटबंदी से लोग नकदी निकासी के लिए एटीएम मशीनों के बाहर कतारों में लग रहे हैं।
एटीएम से उपभोक्ता दो हजार रुपये से 2500 रुपये और बैंक शाखा से 24 हजार रुपये तक की नकदी निकाल सकते हैं, लेकिन शनिवार को बैंकों में छुट्टी के चलते एटीएम एकाएक बंद हो गए। तीन दिन छुट्टी होने से लोगों की परेशानियां बढ़ने वाली हैं।
कई निजी बैंक शाखाओं ने तीन दिन का अवकाश होने से एटीएम के शटर बंद हैं। जिला मुख्यालय के अलावा नादौन और सुजानपुर में भी एटीएम मशीनें बंद पड़ी हैं। इससे पहले शुक्रवार को जिला मुख्यालय के साथ-साथ सुजानपुर और नादौन में भी एटीएम बंद रहे। ऐसे में तीन दिन का अवकाश लोगों पर भारी पड़ने वाला है।
पीएनबी के मुख्य प्रबंधक एके मिश्रा का कहना है कि बैंक मंगलवार को खुलेंगे। एटीएम मशीनों के बंद होने के कारणों का पता लगाया जाएगा।