लोगों ने वन विभाग से की बंदरों को पकड़ने के लिए अभियान चलाने की मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
भरेड़ी (हमीरपुर)। भोरंज उपमंडल के भरेड़ी, पपलाह सहित अन्य गांवों में बंदरों का आतंक है। बंदरों से किसान ही नहीं, बल्कि व्यापारी वर्ग भी परेशान है। बंदर जहां खेतों में सब्जियों को नष्ट कर रहे हैं, वहीं बाजार में दुकानों के बाहर रखा सामान भी उठा रहे हैं। इससे दुकानदारों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। दुकानदानों ने डर के कारण अब दुकान के बाहर सामान रखना बंद कर दिया है।
अंबी गांव के प्रकाश चंद ने बताया कि इलाके में बंदरों की संख्या बहुत कम थी, लेकिन कुछ समय से इनकी संख्या काफी बढ़ गई है। ये बंदर छोटे बच्चों पर भी हमला कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि यदि समय रहते बंदरों को पकड़कर कहीं दूर जंगलों में नहीं छोड़ा गया, तो स्थिति और भी गंभीर हो सकती है। ग्रामीणों में विजय, प्रवीन कुमार, राजीव, सुरेंद्र, श्याम लाल, नीना देवी, रमेश चंद, कुलदीप ठाकुर, यशवंत, सुरेंद्र कुमार ने बताया कि यदि वन विभाग जल्द ही कोई ठोस कदम नहीं उठाता है, तो वे आंदोलन करने को मजबूर हो जाएंगे। उन्होंने बंदरों को पकड़ने के लिए विशेष अभियान चलाए जाने की मांग उठाई है।