हमीरपुर। नगर परिषद हमीरपुर की ओर से शहर को साफ सुथरा रखने के लिए पांच वार्डों में मोबाइल शौचालय स्थापित करवाए जा रहे हैं। इससे बाजार में आने वाले लोगों को शौचालय की सुविधा प्राप्त होगी। नगर परिषद की ओर से 14 लाख रुपये से इन शौचालयों को स्थापित किया जाएगा।बीते माह नगर परिषद की ओर से शौचालय को स्थापित करने के लिए जगह चयनित कर ली गई है। इनमें ट्रक-ट्राला यूनियन, राजकीय महाविद्यालय हमीरपुर, डॉ. राधाकृष्णन मेडिकल कॉलेज हमीरपुर, वालमीकि मोहल्ला और एक विभिन्न जगह निर्धारित की गई है। वर्तमान में इन स्थलों पर शौचालय की सुविधा नहीं है। इससे लोगों को परेशानी झेलनी पड़ती है। नगर परिषद की ओर से स्वच्छता अभियान के अंतर्गत वार्डों को साफ रखने के लिए यह निर्णय लिया गया है। इसके चलते शीघ्र ही इन स्थानों पर मोबाइल शौचालय स्थापित करने का कार्य शुरू कर दिया जाएगा।
इस बारे में नगर परिषद हमीरपुर के अध्यक्ष मनोज मिन्हास ने कहा कि शहर को स्वच्छ रखने के लिए शहर में चयनित स्थलों पर मोबाइल शौचालय स्थापित करवाएं जा रहे हैं ताकि लोगों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़ा।