हमीरपुर। भाजपा जिला अध्यक्ष राकेश ठाकुर ने कांग्रेस विधायक सुरेश कुमार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि वह झूठ की राजनीति करने के आदी हो चुके हैं। मीडिया को दिए बयान में उन्होंने आरोप लगाया कि राजनीतिक लाभ लेने के लिए अब मेधावी विद्यार्थियों की उपलब्धियों और उनके सम्मान को भी राजनीतिक विवाद का विषय बनाया जा रहा है।
राकेश ठाकुर ने कहा कि हमीरपुर पॉलिटेक्निक कॉलेज के मेधावी छात्र सर्वेश शर्मा के मामले में विधायक सुरेश कुमार की ओर से दिया गया भ्रामक बयान उनकी राजनीतिक हताशा और असुरक्षा की भावना को उजागर करता है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने सर्वेश शर्मा को उसकी मेधा, प्रतिभा और उपलब्धि के लिए सम्मानित किया था। इसी तरह मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू, राज्यपाल कविंद्र गुप्ता और स्वयं विधायक सुरेश कुमार ने भी विद्यार्थी की उपलब्धि पर उसे सम्मानित किया था।
उन्होंने कहा कि सांसद अनुराग सिंह ठाकुर की ओर से सर्वेश शर्मा को 3.5 करोड़ रुपये का बजट उनकी सिफारिश पर जारी होने संबंधी कोई बात नहीं कही गई थी। इसके बावजूद विधायक सुरेश कुमार द्वारा विद्यार्थी के सम्मान को बजट जारी करवाने की सिफारिश से जोड़कर पेश करना तथ्यों को तोड़-मरोड़कर जनता को गुमराह करने का प्रयास है।
राकेश ठाकुर ने कहा कि यदि सर्वेश शर्मा के साथ किसी प्रकार का अन्याय हुआ है तो इसकी निष्पक्ष जांच करवाना प्रदेश सरकार की जिम्मेदारी है। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू और सत्ता पक्ष के कांग्रेस विधायकों का नैतिक दायित्व है कि वे मामले की निष्पक्ष जांच के लिए पहल करें। यदि विद्यार्थी के साथ कुछ गलत हुआ है तो दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जानी चाहिए।