सुजानपुर (हमीरपुर)। उपमंडल मुख्यालय सुजानपुर में पुलिस चौकी की नाक तले कुछ लोगों ने शनिवार को सरेआम विधायक राजेंद्र राणा का होर्डिंग फाड़ दिया। इस घटना के बाद सुजानपुर कांग्रेस और भाजपा आमने-सामने है। बीते वर्ष भी सुजानपुर में विधायक के होर्डिंग लगाने को लेकर विवाद हो चुका है। केंद्रीय राज्य मंत्री अनुराग ठाकुर के आगमन से ठीक 2 घंटे पहले कांग्रेसी विधायक का होर्डिंग फाड़ देने से होली पर्व के शुभारंभ पर ही बवाल मच गया है। विधायक राजेंद्र राणा का राष्ट्र स्तरीय होली उत्सव को लेकर लगाया गया होर्डिंग उतार देने से मेल-मिलाप के इस पर्व पर राणा समर्थक भड़क गए हैं। वहीं सुजानपुर के विधायक राजेंद्र राणा ने होर्डिंग के बहाने जिला प्रशासन पर भाजपा के इशारों पर काम करने के आरोप लगाए हैं। राणा ने कहा कि इस बारे में सुजानपुर पुलिस और एसडीएम सुजानपुर को शिकायत सौंप दी गई है। अगर कार्रवाई न हुई तो जन आंदोलन होगा।
विधायक ने बस स्टैंड के साथ शुभकामनाओं को लेकर एक होर्डिंग स्थापित किया था। जिसे फाड़ दिया गया है। होली उत्सव की शुभकामनाओं को लेकर भाजपा व कांग्रेस में रंगों की बौछारों में मेल मिलाप की बजाए मतभेद पैदा हो गए हैं। बस स्टैंड में 2 दिन पहले विधायक राणा के समर्थकों ने बाकायदा स्वीकृति लेकर शुभकामनाओं का होर्डिंग स्थापित किया था। लेकिन, इसे फाड़ देने के कारण घमासान पैदा हो गया है। विधायक राजेंद्र राणा ने कहा कि इस संबंध में जिला व स्थानीय प्रशासन को शिकायत कर दी है। वहीं, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष ज्योति प्रकाश ने बताया कि विधायक की अनदेखी करने से पता चलता है भाजपा के लोग हताश हो गए हैं। एसएचओ सुभाष शास्त्री ने बताया कि शिकायत मिली है। छानबीन जारी है।