भोटा स्कूल वार्षिक समारोह में विद्यार्थियों द्वारा लगाई गई मॉडल प्रदर्शनी का अवलोकन करते विधाय
भोटा (हमीरपुर)। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला भोटा में शनिवार को वार्षिक समारोह की धूम रही। समारोह में बड़सर के विधायक इंद्रदत्त लखनपाल ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने बरसात के मौसम में आपदा से प्रभावित हुए परिवारों को राहत एवं पुनर्वास के लिए 4500 करोड़ रुपये का विशेष आपदा राहत पैकेज जारी कर ऐतिहासिक निर्णय लिया है। प्रदेश या केंद्र की सरकार ने इस तरह का पैकेज जारी नहीं किया है। वार्षिक उत्सव के आयोजन के लिए स्कूल प्रबंधन और विद्यार्थियों को बधाई देते हुए इंद्रदत्त लखनपाल ने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा के क्षेत्र में भी व्यवस्था परिवर्तन करने जा रही है। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे जीवन में कड़ी मेहनत करें और दृढ़ संकल्प के साथ आगे बढ़ें। इस इस दौरान उन्होंने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाले विद्यार्थियों को ग्यारह हजार रुपये देने की घोषणा भी की। समारोह में विद्यार्थियों ने पहाड़ी नाटी, समूहगान, पंजाबी गिद्दा, भंगड़ा सहित अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश कर खूब मनोरंजन किया। इससे पूर्व विधायक ने स्कूल परिसर में स्थापित मां सरस्वती की प्रतिमा का अनावरण किया। उन्होंने विद्यार्थियों की ओर से लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन किया तथा इसमें प्रदर्शित किए गए विभिन्न मॉडलों व अन्य उत्पादों की सराहना की। प्रधानाचार्य मुश्ताक मोहम्मद ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया तथा स्कूल की उपलब्धियों की जानकारी दी। समारोह में विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस सचिव कृष्ण चौधरी, डॉ. देशराज, व्यापार मंडल प्रधान सन्नी शर्मा, बीडीसी सदस्य विनोद कुमार, प्रधान शरण प्रसाद सहित समस्त स्कूल स्टाफ सदस्य मौजूद रहे।