व्यापारिक केंद्र जाहू में बच्ची को मास्क बांटतीं विधायक कमलेश कुमारी।
- फोटो : Hamirpur-HP
जाहू (हमीरपुर)। विधानसभा क्षेत्र भोरंज की विधायक कमलेश कुमारी ने बुधवार को व्यापारिक केंद्र जाहू का निरीक्षण करके दुकानदारों और लोगों को कोविड-19 के नियमों की जानकारी दी। बाजार में आई बुजुर्ग महिलाओं व अन्य लोगों को विधायक, स्वास्थ्य विभाग की टीम और एसडीएम ने कपड़े के मास्कों को प्रतिदिन धोने के लिए कहा।
इस दौरान लोगों को कोरोना संक्रमण से बचने के लिए शारीरिक दूरी के नियम व मुंह पर अनिवार्यता से मास्क लगाने के लिए प्रेरित किया। भोरंज की विधायक, पुलिस व स्वास्थ्य विभाग की टीम के जाहू बाजार में एक साथ देखकर दुकानदारों और लोगों में हड़कंप मच गया। इस दौरान जाहू बाजार के साथ बस अड्डे का भी निरीक्षण किया।
दुकानदारों, लोगों व यात्रियों को मुंह पर मास्क लगाने की सख्त हिदायत दी गई। बिना मास्क के घूम रहे लोगों को विधायक व प्रशासन ने मास्क बांटे और कोरोना महामारी से बचने के लिए मौके पर मास्क पहनाए तथा दोबारा बिना मास्क से न घूमने की हिदायत दी गई। इस दौरान भोरंज के एसडीएम राकेश शर्मा, खंड चिकित्साधिकारी डॉ. ललित कालिया, थाना प्रभारी सीआर चौधरी, अमरदीप शर्मा, जाहू पुलिस चौकी प्रभारी लखनपाल, स्थानीय व्यापार मंडल के अध्यक्ष सूरत सिंह चौहान, जिला शिकायत निवारण कमेटी के सदस्य डॉ. गौरी सागर भारद्वाज, अजय चंदेल, रमेश चंद, अजय शर्मा आदि मौजूद रहे।