सुजानपुर (हमीरपुर)। ब्यास नदी के किनारे सेल्फी लेने का शौक एक नाबालिग लड़की के लिए भारी पड़ गया। सुजानपुर थाना क्षेत्र में सोमवार को सेल्फी लेते समय संतुलन बिगड़ने से वह करीब 60 फीट गहरी ढांक से नीचे ब्यास नदी के किनारे जा गिरी।
हादसे में लड़की गंभीर रूप से घायल हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और करीब एक घंटे तक चले रेस्क्यू अभियान के बाद उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
जानकारी के अनुसार कांगड़ा जिले की रहने वाली नाबालिग लड़की अपने एक दोस्त के साथ मोटरसाइकिल पर सवार होकर ब्यास के नदी किनारे घूमने आई थी। दोनों नदी के तट पर पहुंचे तो लड़की फोटो और सेल्फी लेने लगी। इसी दौरान उसका संतुलन बिगड़ गया और वह सीधे गहरी ढांक से नीचे नदी की ओर जा गिरी।
हादसा होते ही मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी। दमकल विभाग की टीम ने रस्सियों और अन्य बचाव उपकरणों की मदद से कठिन परिस्थितियों में रेस्क्यू अभियान चलाया।
करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद घायल लड़की को सुरक्षित बाहर निकाला गया। इसके बाद उसे प्राथमिक उपचार के लिए सुजानपुर अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे डॉ. राधाकृष्णन राजकीय मेडिकल कॉलेज हमीरपुर रेफर कर दिया, जहां उसका उपचार जारी है।
पुलिस ने घटना की जानकारी जुटानी शुरू कर दी है। वहीं, पुलिस विभाग ने लोगों से नदी, खाई और अन्य संवेदनशील स्थानों पर सेल्फी लेते समय विशेष सावधानी बरतने की अपील की है।
सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। करीब एक घंटे के रेस्क्यू अभियान के बाद लड़की को सुरक्षित बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया। -राकेश, प्रभारी, दमकल विभाग सुजानपुर
सुजानपुर में ब्यास में गिरी नाबालिग को बाहर निकालते दमकल व पुलिस कर्मी। संवाद