हमीरपुर। जिलेभर के प्राथमिक और माध्यमिक स्कूलों में किचन गार्डन की जांच की जाएगी। किचन गार्डन के साथ स्कूलों में मिड-डे मील की भी जांच होगी।
जांच के बाद स्कूलों की रिपोर्ट तैयार की जाएगी। प्रारंभिक शिक्षा उपनिदेशक, जिला मिड-डे-मील समन्वयक स्कूलों में जाकर किचन गार्डन की जांच करेंगे।
किचन गार्डन में साफ-सफाई और सब्जियों आदि के बारे में जांच की जाएगी। जिलेभर के प्राथमिक और माध्यमिक स्कूलों में दोपहर के भोजन में हरी सब्जियां गाजर, गोभी, धनिया, पालक आदि को शामिल करने के लिए किचन गार्डन बनाए गए हैं ताकि स्कूलों में विद्यार्थियों को संतुलित भोजन खिलाया जा सके।
प्रत्येक स्कूल में किचन गार्डन के लिए सरकार की ओर से अलग-अलग बजट जारी हुआ है। वर्तमान में जिलेभर के अधिकांश स्कूलों में उचित साफ-सफाई और देखरेख न होने से किचन गार्डन में घास और झाड़ियां उगी हुई हैं।
कई स्कूलों में किचन गार्डन उचित देखरेख के अभाव में खत्म हो चुके हैं। इससे विद्यार्थियों को दोपहर के भोजन में हरी सब्जियां खिलाने के लिए अध्यापकों को बाजार से सब्जियां खरीदनी पड़ रही हैं। इसे ध्यान में रखते हुए प्राथमिक और माध्यमिक स्कूलों में निरीक्षण किया जाएगा। इसके उपरांत स्कूलों में किचन गार्डन की देखभाल न करने का कारण पूछा जाएगा।