जाहू(हमीरपुर)। विधानसभा क्षेत्र भोरंज में छठा मेवा उत्सव 24 से 30 अप्रैल तक जाहू मेला ग्राउंड में मनाया जाएगा। इसमें पहले चार दिन लगातार हिमाचल प्रदेश के प्रसिद्ध लोकगायक काकू राम ठाकुर, इशांत भारद्वाज व अन्य कलाकार रात्रि सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर लोगों का मनोरंजन करेंगे।
मेवा उत्सव कमेटी की अध्यक्ष एवं स्थानीय पंचायत प्रधान अनुराधा शर्मा ने कहा कि पंचायत ने मेवा उत्सव के सफल आयोजन के लिए तैयारियां शुरू कर दी हैं। उत्सव भोरंज एसडीएम शशिपाल शर्मा, खंड विकास अधिकारी भोरंज कुलवंत सिंह की देखरेख में होगा। उत्सव का विधिवत उद्घाटन भोरंज विधायक सुरेश कुमार 24 अप्रैल को करेंगे तथा स्थानीय पंचायत घर के मेला ग्राउंड तक जलेब निकाली जाएगी। उत्सव में लोगों के मनोरंजन के लिए 24 अप्रैल की संध्या में लोकगायक गौरव कौंडल व राखी गौतम प्रस्तुति देंगी। 25 अप्रैल को काकू राम ठाकु तथा सुनीता भारद्वाज, 26 अप्रैल को कुलदीप कुमार व 27 अप्रैल को इशांत भारद्वाज व कुसुम जस्सी मुख्य आकर्षण होंगे। इसके अलावा हर रोज बर्ड मैन लोगों को 351 पक्षियों की आवाज से जागरूक करेंगे तथा पर्यावरण संरक्षण का संदेश देंगे। उत्सव में दुकानदारों के लिए बिजली, पानी, शौचालय की सुविधा दी जाएगी। पंचायत द्वारा मेवा उत्सव के सफल आयोजन के लिए पूर्व प्रधान चमन लाल काकू व जीवन दत्त लक्की को सलाहकार नियुक्त किया गया। मेवा उत्सव में पंचायत 20 अप्रैल से दुकानकारों को मेला ग्राउंड में दुकानें लगाने के लिए जगह आवंटन करने का कार्य शुरू करेगी। इसके लिए दुकानदारों को अपने आधार कार्ड की प्रति साथ लानी होगी।