रंगस/हमीरपुर। जिला हमीरपुर में शुक्रवार को रिमझिम बारिश हुई। सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक हुई इस बारिश से तापमान में गिरावट आई है। कई युवकों ने बारिश में भीगने का लुत्फ उठाया। बारिश के बाद दिनभर मौसम सुहावना रहा। हालांकि पिछले कुछ दिनों से हमीरपुर का तापमान 20 से 25 से डिग्री सेल्सियस के बीच पहुंच चुका था। गर्मी के कारण लोगों का दोपहर के समय घरों से बाहर निकलना मुश्किल हो गया था लेकिन शुक्रवार को हुई हल्की बारिश से पारा काफी लुढ़क गया है।
बारिश के कारण लोगों के घरों की छतों और पेड़ों पर जमी धूल-मिट्टी भी साफ हो गई। बारिश होने से किसानों ने कुछ हद तक राहत की सांस ली है। किसान जहां गेहूं की फसल के लिए पर्याप्त बरसात न होने पर मायूस दिख रहे थे। वहीं पर उन्हें पशुओं के लिए हरे चारे के भी लाले पड़े हुए थे। क्षेत्र के किसान बाहरी राज्यों से आने वाली महंगी तूड़ी खरीदने पर मजबूर थे लेकिन अब हल्की बारिश होने पर किसान थोड़ा राहत की सांस ली है।
किसान करतार चंद, रमेश कुमार, राजकुमार और संसार चंद ने कहा कि क्षेत्र के किसान काफी समय से सूखे का सामना कर रहे हैं। मौसम के लगातार शुष्क होने से जहां गेहूं की फसल पीला रतुआ रोग से ग्रस्त थी। वहीं, पशुओं के लिए हरा चारा भी खेतों में नहीं मिल रहा था लेकिन बारिश होने से पशुओं के लिए खेतों मे हरा चारा होने की उम्मीद हुई है।