हमीरपुर। महिला एवं बाल विकास विभाग के सौजन्य से डिस्ट्रिक्ट हब फॉर इंपॉवरमेंट ऑफ विमेन (डीएचईडब्ल्यू) द्वारा वो दिन योजना के तहत औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) हमीरपुर में जिला स्तरीय जारूकता शिविर आयोजित किया गया। इसमें जिला कार्यक्रम अधिकारी अनिल कुमार, आईटीआई प्रधानाचार्य सुभाष शर्मा सहित अन्य अधिकारी, कर्मचारी और प्रशिक्षु उपस्थित रहीं।
इस दौरान मुख्य वक्ता एवं स्वास्थ्य विभाग के पूर्व जन शिक्षा एवं सूचना अधिकारी सतीश शुक्ला ने कहा कि मासिक धर्म के दौरान किशोरियों एवं महिलाओं को स्वच्छता पर खास ध्यान देने की जरूरत होती है। ऐसा न करने से वे कई तरह के संक्रमण और बीमारियों की शिकार हो सकती हैं। हमारे समाज में मासिक धर्म को लेकर कई भ्रांतियां व्याप्त हैं, इसलिए मासिक धर्म स्वच्छता हमेशा एक गंभीर विषय रहा है। जिला कार्यक्रम अधिकारी अनिल कुमार ने कहा कि मासिक धर्म एक सामान्य शारीरिक प्रक्रिया है, जिस पर खुलकर बात करना जरूरी है।